नगरी में धान खरीदी का शुभारंभ: किसानों में उत्साह, प्रशासन पूरी तरह तैयार

धान खरीदी का शुभारंभ करते हुए
गोपी कश्यप- नगरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ शनिवार को नगरी मंडी में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। खरीदी कार्य शुरू होते ही किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि, शासन के निर्देशों के अनुरूप खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया जाएगा। मंडी परिसर में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ- जैसे तौल-कांटा, बोरों की उपलब्धता, गुणवत्ता जांच, टोकन वितरण और साफ-सफाई पहले से ही सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि, खरीदी केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
अब फसल बेचने में किसी तरह की नहीं होगी परेशानी
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने समय पर खरीदी प्रारंभ होने पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि, तय समय पर धान खरीदी शुरू होने से उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। किसानों ने प्रशासन और शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, सुचारू खरीदी प्रक्रिया ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देती है और किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। इस प्रकार नगरी में धान खरीदी सीजन की शुरुआत उत्साह, अनुशासन और सुव्यवस्थित माहौल में हुई, जिससे आने वाले दिनों में खरीदी कार्य सुचारू रहने की उम्मीद बनी हुई है।
इस अवसर पर ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू, सोसायटी अध्यक्ष नरेंद्र नाग, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) प्रीति दुर्गम, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन नाहटा, पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाहटा, पूर्व जनपद अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम, अ.ज.जा. जिलाध्यक्ष महेंद्र नेताम, महामंत्री रूपेंद्र साहू, तुलसीराम साहू, गुरुप्रसाद साहू, पार्षद राजा पवार, शंकर देव, किसान सहदेव साहू, धनीराम साहू, रामरतन साहू, शत्रुघ्न कश्यप, कैलास देव तथा शांतनु कोषरे सहित कई किसान उपस्थित रहे।
