नगरी में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस: गांधी जी के विचारों और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प

नगरी में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस
X

कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता

नगरी में कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी की गौरवशाली परंपरा और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

गोपी कश्यप- नगरी। छत्तीसगढ़ के नगरी में भारतीय राजनीति के इतिहास में अहम भूमिका निभाने वाली भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस नगर में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विधायक कार्यालय नगरी में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने पार्टी की गौरवशाली परंपरा, त्याग, बलिदान और संघर्षों को स्मरण करते हुए देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने से हुई। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के सिद्धांतों को आज के समय में और भी प्रासंगिक बताया।

कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी ने देश को आज़ादी दिलाने से लेकर संविधान निर्माण, लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि, आज़ादी के आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक कांग्रेस की नीतियां और विचारधारा देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती रही हैं।

लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए कांग्रेस
वक्ताओं ने यह भी कहा कि, वर्तमान समय में संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए कांग्रेस की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। पार्टी की विचारधारा समावेशी विकास, समानता और भाईचारे पर आधारित है, जो हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश देती है।

संविधान की रक्षा के लिए लिया संकल्प
अंत में सभी कांग्रेसजनों ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने, जनता की समस्याओं के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करने और देश की एकता-अखंडता और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। स्थापना दिवस का यह आयोजन कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करता नजर आया।

इस अवसर पर ये रहे उपस्थित
समारोह में विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव, विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, जिला उपाध्यक्ष भानेन्द्र ठाकुर, जनपद सदस्य प्रमोद कुंजाम, क्षमा साहू, पार्षद मिक्की गुप्ता, नरेश पटेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक बंजारे, राकेश नेताम, विकास शांडिल्य, टेश्वर ध्रुव, टिकेश्वर ध्रुव, राजू कावड़े, तामेश्वरी साहू, अमन यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story