राष्ट्रीय स्तर पर चमकीं वनांचल की बेटियां: नेशनल कराटे में जीता स्वर्ण पदक जीतकर नए जिले का नाम किया रोशन

इन बेटियों ने जीता स्वर्ण पदक
एनिशपुरी गोस्वामी- मोहला। फोनिक्स शितोरियो कराटे संगठन इंडिया के तत्वाधान में संयुक्त भारत ओपन राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन दुर्ग शहर में किया गया था। जिसमें जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी की चार बेटियों ने विभिन्न वर्ग में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
इस प्रतियोगिता में मानपुर विकासखंड की सावित्री धुर्वे आमाटोला ने स्वर्ण पदक, ज्ञानेश्वरी पोटाई मिचगांव ने रजत पदक और मोहला विकासखंड की अरुणा जाड़े तथा गौरी हारमें ग्राम पाटनवाडवी ने कांस्य पदक जीतकर नवीन जिले का गौरव बढ़ाया है।
कराटे खिलाड़ियों को विधायक मंडावी ने भी किया था सहयोग
उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए विधायक इंद्रशाह मंडावी ने प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया है। पूर्व में भी कराटे प्रशिक्षण और अंतर्राज्यीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कराटे खिलाड़ियों को विधायक मंडावी ने सहयोग किया था। यह पूरी जानकारी देवानंद कौशिक उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मानपुर ने दी है।
बस्तर की बेटियों ने रचा इतिहास
वहीं बस्तर की माटी से निकली बेटियों ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। रायपुर के बूढ़ातालाब में आयोजित अस्मिता लीग खेलो इंडिया कयाकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिता में जगदलपुर उप-प्रशिक्षण केंद्र, बागमुंडा (डोंगरीपारा-आसना) की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिसमें 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज पदक जीतकर बस्तर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। यह सफलता बस्तर कलेक्टर हरीश एस के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से संभव हुई है, जिनके नेतृत्व में जिले में जलक्रीड़ा (कयाकिंग एवं कैनोइंग) को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इन्होंने रचा इतिहास
महिला सीनियर 1000 मीटर मानमती बघेल ने स्वर्ण पदक जीत बस्तर का नाम समूचे प्रदेश में महिला जूनियर 1000 मीटर में सोनम पुजारी ने भी स्वर्ण अपने झोली में डाल बस्तर का नाम रोशन की। महिला जूनियर 500 मीटर सोनम पुजारी ने स्वर्ण हासिल कर बस्तर का लोहा मनवाया। महिला जूनियर 1000 मीटर में मुस्कान भारती को रजत मिला। महिला 200 मीटर ने मानमती बघेल रजत पदक ली। सब जूनियर 200 मीटर में ईशा के झोली में रजत पदक गया। महिला सीनियर 1000 मीटर में सोनम पुजारी को कांस्य पदक मिला। महिला जूनियर 1000 मीटर में कंचन को कांस्य पदक मिला। महिला जूनियर 500 मीटर में मुस्कान भारती को कांस्य मिला। महिला जूनियर 500 मीटर रोशनी कांस्य, सब जूनियर 200 मीटर मालती कश्यप को कांस्य पदक मिला।
बस्तर की बेटियां जलक्रीड़ा में लोहा मनवा रही
कलेक्टर हरीश एस ने कहा बस्तर की बेटियाँ अब जलक्रीड़ा जैसे चुनौतीपूर्ण खेलों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। यह उपलब्धि बस्तर की नई पहचान और खेल संस्कृति के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। अपर कलेक्टर एवं सहायक संचालक (खेल एवं युवा कल्याण) ऋषिकेश तिवारी ने कहा इन बेटियों की मेहनत, अनुशासन और लगन से पूरे प्रदेश को प्रेरणा मिली है। जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं के उत्थान और अवसरों के विस्तार हेतु निरंतर कार्यरत रहेगा।
कोचों की भूमिका
इन खिलाड़ियों की सफलता में कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रशिक्षक अशोक साहू और प्रभारी कोटेश्वर राव नायडू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दोनों प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को कठोर प्रशिक्षण देकर हर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया।
बस्तर की नई पहचान जल पर विजय
रायपुर के बूढ़ातालाब में जब विजेताओं की घोषणा हुई,तो पूरा बस्तर कैंप तालियों की गूंज से भर गया। यह जीत केवल पदकों की नहीं, बल्कि बस्तर की अस्मिता, परिश्रम और आत्मविश्वास की जीत है।
