मंत्रियों की 'क्लास': एसआईआर समेत कई मुद्दों पर जामवाल का मंथन

भाजपा क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री अजय जामवाल
रायपुर। भाजपा क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री अजय जामवाल बिहार चुनाव के बाद बुधवार को रायपुर पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने मंत्रियों और विधायकों से एसआईआर सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। उनके साथ संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद थे। बताया गया है कि आधा दर्जन मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा की गई, जिसमें एसआईआर, उनके विभाग और क्षेत्र से जुड़े मुद्दे भी शामिल रहे। क्षेत्रीय सह-संगठन मंत्री जामवाल बिहार चुनाव के चलते तीन माह बाद छत्तीसगढ़ के दौरे पर आए हैं। यहां पहुंचने के बाद राजधानी में मौजूद मंत्रियों को प्रदेश कार्यालय में आने की सूचना दी गई।
आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों में डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, टंकराम वर्मा, राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत, टंकराम वर्मा, गजेंद्र यादव शामिल हुए। जामवाल और संगठन महामंत्री पवन साय ने मंत्रियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में चल रहे एसआईआर को लेकर कहा, कि भाजपा कार्यकर्ता सभी बूथ में मतदाताओं को जुडवाने और उनके सत्यापन के कार्य में विशेष रूप से ध्यान दें। आने वाले समय में यह महत्वपूर्ण रहेगा। मंत्रियों से उनके विभागों के कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। वहीं आने वाले आयोजनों को लेकर चर्चा की गई है। आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम का आयोजन फिर से होने वाला है. इसे लेकर संगठन स्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए है।
तीन नए मंत्रियों से चर्चा
हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल कि तीनों नए मंत्रियों से भी जामवाल ने मुलाकात की मंत्री राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत और गजेंद्र यादव इस चर्चा में शामिल हुए। उन्होंने इन मंत्रियों को अपने विभाग के कार्यों के बारे में पूरी मुस्तैदी से काम करने की सलाह दी। वहीं अपने क्षेत्र के मुद्दों पर ध्यान देते हुए उनका निराकरण करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों पर चर्चा
बताया गया है कि 20 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अंबिकापुर दौरे की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। अंबिकापुर के कार्यक्रम को लेकर राजेश अग्रवाल ने बताया कि वहां पर सड़कों की मरम्मत और सुधार का कार्य कराया जा रहा है। वहीं सम्मेलन की तैयारियों को लेकर स्थानीय स्तर पर टीम बनाकर कार्य किया जा रहा है।
मोर्चा प्रकोष्ठ की लेंगे बैठक
क्षेत्रीय सह-संगठन मंत्री अजय जामवाल कल सुबह भाजपा संगठन की बैठक भी लेंगे। वे विभिन्न मोर्चा संगठनों के लोगों से चर्चा करेंगे। विभिन्न आयोजनों को लेकर उनकी तैयारियों की जानकारी लेंगे। अजय जामवाल मध्य प्रदेश में भाजपा के क्षेत्रीय महासचिव (संगठन) हैं। वे यहां से भोपाल रवाना हो जाएंगे।
