कांग्रेसी गुटबाजी का नतीजा था मस्तूरी गोलीकांड: निष्कासित कांग्रेसी ने अपने ही साथी पर कराई फायरिंग, 7 आरोपी गिरफ्तार

फायरिंग में घायल नीतेश सिंह
X

फायरिंग में घायल नीतेश सिंह

बिलासपुर के मस्तूरी गोलीकांड मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है।

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मस्तूरी गोलीकांड को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। कांग्रेस के जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह पर हमला करने वाले विश्वजीत अनंत ने अपने भाईयों और सहयोगियों के साथ मिलकर पूरे गोलीकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि, पूरा गोलीकांड राजनीतिक द्वेष, वर्चस्व की लड़ाई और जमीन विवाद से जुड़ा है। एसएसपी ने बताया कि, किस तरह एक संगठित गिरोह बनाकर पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया गया।

बता दें कि, दो दिन पहले बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना अंतर्गत तिवारी होटल के बाहर शाम 6 बजे कांग्रेस के जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह, चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह बैठे हुए थे। अचानक दो बाइक में चार नकाबपोश पहुंचे और नीतेश सिंह पर अंधाधुन 12 से 14 राउंड फायरिंग कर दिया। जिसमें चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह के हाथ और पैरों पर गोली लगी। आनन फानन में नीतेश ने भी अपने लाइसेंसी बंदूक से काउंटर फायरिंग शुरू कर दिया। जिससे हमलावर भाग निकले। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी मचने पर पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी कर दी।

नकाबपोश बदमाशों ने की थी फायरिंग
घटना के दूसरे दिन एक बड़ा अपडेट आया। जिसमें सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दिया कि, दो बाइक में नकाबपोश तिवारी होटल पहुंचे, एक नकाबपोश बाइक से कूदकर फायरिंग करते दिख रहा है,वही एक बाइक में दो नकाबपोशों ने भी फायरिंग करना शुरू कर दिया। गोलीकांड की घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कुछ ही घंटों में पकड़े गए आरोपी
करीबन 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद महज कुछ ही घंटों में पुलिस ने 12 संदेहियों को गिरफ्त में ले लिया और पूछताछ शुरू की। जिसमें एक एक कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस मास्टरमाइंड विश्वजीत अनंत तक पहुंची। विश्वजीत अनंत समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। एसएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक पूरे घटनाक्रम के पीछे एक बड़े संगठित गिरोह का हाथ है। ये गिरोह नाबालिग और 18 से 21 वर्ष के युवाओं को नशे और पैसों की लालच देकर अपराध की दुनिया में उतारते है और उसने ऐसे बड़े अपराध करवाते है।


कांग्रेस ने किया किनारा
कांग्रेस के जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह पर कांग्रेस के ही निष्कासित विश्वजीत अनंत ने गोलीकांड को अंजाम दिया। जिस पर अब कांग्रेस पूरी तरह पल्ला झाड़ते नजर आ रही है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय का कहना है कि, अपराधी अपराधी ही होता है इससे कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं। वहीं भाजपा के जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ने पुलिस द्वारा महज 24 घंटे में गोलीकांड के अपराधियों की गिरफ्तारी पर पुलिस की सराहना की है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story