रतनपुर के तंत्र पीठ में भव्य भैरव जयंती: 9 दिन का महोत्सव पूर्ण, कन्या पूजन से लेकर महायज्ञ तक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न

रतनपुर के तंत्र पीठ में भव्य भैरव जयंती
प्रेम सोमवंशी - कोटा। रतनपुर स्थित श्री सिद्ध तंत्र पीठ भैरव बाबा मंदिर में बुधवार को नौ दिवसीय भैरव जयंती महोत्सव का समापन श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ।
मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ कन्या भोजन, ब्राह्मण भोजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

151 कन्याओं का विधिवत पूजन
महोत्सव के प्रमुख अनुष्ठानों में कन्या पूजन विशेष केंद्र रहा। कुल 151 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें द्रव्य, श्रृंगार सामग्री और दक्षिणा प्रदान की गई। कन्या पूजन के पश्चात यजमानों ने कन्याओं से आशीर्वाद ग्रहण किया।

नौ दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठान
आयोजकों के अनुसार, भैरव जयंती महोत्सव हर वर्ष नौ दिनों तक चलता है, जिसमें विश्व कल्याण और जन कल्याण के लिए विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इस बार महोत्सव में प्रमुख अनुष्ठान संपन्न हुए जैसे-
- रूद्र महायज्ञ
- चंडी पाठ
- ग्रह शांति यज्ञ
- महामृत्युंजय मंत्र जाप
इन सभी धार्मिक क्रियाकलापों में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं।

रूद्र महायज्ञ में 2,40,000 आहुति
भैरव बाबा मंदिर, रतनपुर के पुजारी 'जागेश्वर अवस्थी' ने बताया कि, भगवान भैरव की जयंती 11 नवंबर से प्रारम्भ हो कर 19 नवंबर तक लगातार चला जिसके रूद्र महायज्ञ में 2,40,000 से ज्यादा आहुति डाले गए, साथ ही शिव भगवान का बेलपत्र फलों और पुष्प से श्रृंगार किया गया।
रतनपुर के श्री सिद्ध तंत्र पीठ भैरव बाबा मंदिर में आयोजित 9 दिवसीय भैरव जयंती महोत्सव कन्या पूजन, महायज्ञ और विशाल भंडारे के साथ पूर्ण हुआ। @BilaspurDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/OuUjpszauU
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) November 20, 2025
नौ दिनों तक चलने वाले इन अनुष्ठानों का उद्देश्य जन-कल्याण एवं विश्व-कल्याण की कामना करना है। इस वर्ष भी भक्तों का उत्साह अनुपम रहा।
