कोपरा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं: विभाग ने एक डाक्टर को पखवाड़ेभर पहले भेजा, उसने अब तक नहीं दी ज्वाइनिंग

कोपरा स्वास्थ्य केंद्र
गोरेलाल सिन्हा- कोपरा। छत्तीसगढ़ के कोपरा स्वास्थ्य केंद्र में एक भी एमबीबीएस डॉक्टर नहीं है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आदेश जारी होने के 15 बाद भी डॉक्टर ने ज्वाइनिंग नहीं की है। डॉक्टर ना होने की वजह से वहां की व्यवस्था बदहाल है। लोगों को भारी दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, गरियाबंद कार्यालय से 17 अक्टूबर 2025 को आदेश जारी हुआ है, जिसके तहत जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. सोमेश शिवा साहू को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोपरा में स्थानांतरित कर नवीन पदस्थापना दी गई है। हालांकि, आदेश जारी हुए दो सप्ताह से अधिक हो गए हैं, मगर डॉक्टर अब तक कोपरा में ज्वाइन नहीं कर पाए हैं।
लोग कर रहे डॉक्टर का इंतजार
कोपरा के नागरिक और आसपास के ग्रामीण अब बेसब्री से डॉक्टर की प्रतीक्षा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आदेश जारी होना राहत की बात है, लेकिन जब तक डॉक्टर यहां सेवाएं नहीं देंगे, तब तक राहत अधूरी है।
लंबे समय से खाली था पद
नगर पंचायत कोपरा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वर्षों से बिना एमबीबीएस डॉक्टर के संचालित हो रहा था। लगभग 15 हजार की शहरी आबादी और आसपास के 30 हजार ग्रामीणों को उचित इलाज के लिए राजिम (15 किमी) या पाण्डुका (7 किमी) तक जाना पड़ता है। कई बार एम्बुलेंस सुविधा न मिलने से मरीजों, खासकर गर्भवती महिलाओं, को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्टाफ कर रहा कई योजनाओं की जिम्मेदारी
पीएचसी में रोजाना करीब 100 मरीज इलाज के लिए पहंचते हैं। यहां न सिर्फ कोपरा, बल्कि भेणड्री, पंडरीतराई, खेली, लोहरसी, मूडतराई, जेंजरा, 'कापसीडीह, सुरसाबांधा, तर्रा, करुसकेरा के अलावा धमतरी जिले के कई गांव से भी लोग आते हैं। सुविधाएं कम, सेवा भाव काबिले तारीफ-डॉक्टर न होने के बावजूद अस्पताल की टीम ने सेवा भाव से काम करते हुए कई उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य स्तरीय कायाकल्प प्रतियोगिता में पीएचसी कोपरा 3 बार विजेता रह चुका है। अस्पताल को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र भी मिला है। साफ-सफाई और बेहतर सेवा के कारण इसे सेंट्रल लेवल पर भी पहचान मिली है।
डॉक्टर के अभाव के बावजूद स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ
लेप्रोसी, टीबी, अंधत्व निवारण, जननी सुरक्षा, टीकाकरण, गैर-संचारी रोग, बुजुर्ग स्वास्थ्य जांच और किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसे कई योजनाओं का संचालन कर रहा है।
जनता में राहत की उम्मीद
अब डॉक्टर की पदस्थापना से क्षेत्र में उम्मीद की किरण जगी है। नगरवासियों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि, सरकार ने डॉक्टर की पोस्टिंग का आदेश देकर हमारी वर्षों पुरानी मांग पूरी की है। अब बस डॉक्टर जल्द से जल्द पदभार ग्रहण करें, ताकि कोपरा और आसपास के 45 हजार लोगों को राहत मिल सके।
