दहेज ने ली विवाहिता की जान: पति ने पहले की पिटाई और फिर जहर पिलाकर पत्नी को उतार दिया मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

एसपी से शिकायत करते परिजन
संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव में दहेज की आग ने एक और विवाहिता की जान ले ली। आरोप है कि पति ने दहेज को लेकर पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, फिर उसे ज़हर पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी पति जोहन साहू ने अपने जुर्म को छिपाने के लिए लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और हत्या के आरोप में आरोपी पति जोहन साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर, मायके पक्ष के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर लोकेश्वरी के साथ मारपीट की और ज़हर पिलाकर उसकी हत्या की। परिजनों ने आरोपी के माता-पिता की भी घटना में संलिप्तता होने का आरोप लगाया है।
कवर्धा जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव में पति ने दहेज को लेकर पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, फिर उसे ज़हर पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। pic.twitter.com/ynfqUmzXV5
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) January 20, 2026
एएसपी ने दी मामले की जानकारी
इस मामले पर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने परिजनों की शिकायत सुनी और बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
