कांकेर में फिर बवाल: ग्रामीणों ने धर्मान्तरित लोगों के घरों में की तोड़फोड़, इलाके में पुलिसबल तैनात

ग्रामीणों ने धर्मान्तरित लोगों के घरों में की तोड़फोड़
गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धर्मान्तरण में बवाल का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कांकेर से 15 किलोमीटर दूर पुसागांव में धर्मान्तरित लोगों के 10 घरों में ग्रामीणों ने जमकर तोड़फोड़ की। मूल धर्म में वापसी के लिए ग्रामीणों ने बैठक रखी थी। लेकिन बात नहीं मानने पर उन्होंने घरों में तोड़-फोड़ किया। घरों में तोड़फोड़ का वीडियो सामने आया है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
आमाबेड़ा में भी हुआ था बवाल
उल्लेखनीय है कि, आमाबेड़ा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफ़नाने को लेकर बड़ा बवाल हो गया। बड़े तेवड़ा गांव के सरपंच द्वारा धर्मांतरित पिता के शव को जबरन गांव में दफन करने को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट की खबर सामने आई है। इस झड़प में पुलिस कर्मियों के भी घायल होने की खबर है। गांव को सील कर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। दोनों पक्षों को अलग- अलग इलाके में सील किया गया है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी बातचीत में जुटे हुए हैं।
कांकेर से 15 किलोमीटर दूर पुसागांव में धर्मान्तरित लोगों के 10 घरों में ग्रामीणों ने जमकर तोड़फोड़ की। मूल धर्म में वापसी के लिए ग्रामीणों ने बैठक रखी थी। pic.twitter.com/VZc41Fe8Ff
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) December 28, 2025
दोनों तरफ जमकर हुई थी झड़प और मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, बड़े तेवड़ा गांव के सरपंच के पिता ने धर्मांतरण कर लिया था। उनकी मौत के बाद उन्हें दफना दिया गया। जिसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और लाश को कब्र से उखाड़ने की बात कहने लगे। इस मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। लेकिन उग्र भीड़ शांत होने का नाम नहीं ले रही थी। जिसके बाद दोनों तरफ जमकर झड़प और मारपीट हुई। लोगों ने कब्र को भी ध्वस्त कर दिया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं।
