हरिभूमि-आईएनएच का कांकेर में जिला संवाद: सरकार-प्रशासन, जनता के बीच होगी सीधी बातचीत

हरिभूमि-आईएनएच का जिला संवाद कांकेर में
कांकेर। छत्तीसगढ़ में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच सेतु बनाने के उद्देश्य से हरिभूमि एवं आईएनएच द्वारा आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम 3 फरवरी को कांकेर स्थित सिंगारभाट के बाफना रिजॉर्ट में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर जिलेभर में पिछले दो दिनों से खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सरकार, प्रशासन और आम जनता को एक मंच पर लाकर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति पर खुलकर संवाद करना इस आयोजन की प्रमुख विशेषता है। हरिभूमि- आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी अतिथियों से सवाल-जवाब करेंगे। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। जमीनी स्तर पर तैयार की गई रिपोर्ट के माध्यम से यह जानने का प्रयास होगा कि,सरकारी योजनाएं और नीतियां आमजन तक किस हद तक प्रभावी रूप से पहुंच पाई हैं।
जिला संवाद के माध्यम से जनता को सीधे अपनी बात रखने और सवाल पूछने का अवसर मिलेगा, वहीं जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मंडावी तथा एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी की विशेष उपस्थिति रहेगी। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर कांकेर नीलेश रहेगी। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर कांकेर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जिले के सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोग भी सहभागिता करेंगे। इनमें प्रमुख व्यापारी अमय बाफना, सिंधी समाज के मुखी एवं चैंबर्स कांकेर के उपाध्यक्ष राकेश आहूजा, भानुप्रतापपुर व्यापारी संघ के संरक्षक अनंत गोपाल कोठारी तथा छत्तीसगढ़ इनोवेशंस के डायरेक्टर भूपेंद्र मिश्रा शामिल हैं। उनकी उपस्थिति से संवाद को बहुआयामी दृष्टिकोण मिलने की उम्मीद है। जिला संवाद कार्यक्रम न केवल सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली को जनता के सामने लाने का मंच है, बल्कि जनता की अपेक्षाओं और समस्याओं को सीधे नीति निर्धारकों तक पहुंचाने की एक सशक्त पहल भी है। कांकेर के लिए यह आयोजन विकास और संवाद की नई दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है।
उत्कृष्ट सेवा के लिए करेंगे सम्मान
जिला संवाद कार्यक्रम के दौरान समाज और जिले के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसमें मावा मॉडल के नोडल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, सिद्धांत हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ.नागेश्वर राव आत्मानंद नरहरदेव हायर सेकेंड्री स्कूल कांकेर की प्राचार्य रचना श्रीवास्तव, कनिष्क इंडस्ट्रीज कांकेर के डायरेक्टर विकास नागपाल तथा जनसहयोग सेवी संस्था कांकेर के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया जाएगा।
