जिले में पहली पुंगनूर बछिया का जन्म: वैज्ञानिकों के सफल प्रयोग से किसान के घर जश्न का माहौल

वैज्ञानिक तकनीक से पुंगनूर बछिया का जन्म
अजय सुर्यवंशी - जशपुर। जिले के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है- जशपुर में पहली बार पुंगनूर नस्ल की मादा वत्स (बछिया) का जन्म हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पुंगनूर गाय के साथ ली गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे देश में इस अद्वितीय नस्ल की मांग बढ़ गई है।
विश्व की सबसे छोटी और अत्यंत उपयोगी गाय- पुंगनूर
पुंगनूर गाय का मूल स्थान आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले का पुंगनूर क्षेत्र है और यही जहां से इसका नाम 'पुंगनूर' पड़ा। इसे विश्व की सबसे छोटी गाय के रूप में जाना जाता है।

पशु चिकित्सालय पत्थलगांव में पदस्थ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी के.के. पटेल ने गोढ़ीकला निवासी किसान खगेश्वर यादव की देशी गाय में कृत्रिम गर्भाधान (Artificial Insemination) कराया था। पुंगनूर नस्ल के सांड के हिमकृत वीर्य से गर्भाधान के बाद गाय ने एक स्वस्थ मादा बछिया को जन्म दिया। यह उपलब्धि जशपुर जिले के पशुधन संवर्धन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
जशपुर में पहली बार पुंगनूर नस्ल की मादा बछिया का जन्म हुआ, पीएम संग तस्वीरें वायरल होने के बाद इस दुर्लभ गाय की मांग बढ़ी है, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी के.के. पटेल की प्रतिक्रिया।@JashpurDist #Chhattisgarh #cow pic.twitter.com/ir5tyR1oKF
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) November 15, 2025
जशपुर के लिए गर्व का क्षण
इस उल्लेखनीय सफलता पर डॉ. बी.पी. भगत ने सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी के.के. पटेल और किसान खगेश्वर यादव को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल पत्थलगांव बल्कि पूरे जशपुर जिले के लिए गर्व की बात है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में नस्ल सुधार, पशुधन संवर्धन और वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
डॉ. बी.पी. भगत ने पुंगनूर के बारे में बताया कि, यह गाय घर-परिवार में आसानी से पाली जा सकती है, पुंगनूर नस्ल बेहद उपयोगी है, इसके जन्म से जिले में पशुधन विकास के नए अवसर खुलेंगे।
पुंगनूर गाय क्यों है खास?
- दूध में एंटी–बैक्टीरियल गुण
- A2 प्रोटीन की उच्च मात्रा
- कम फैट वाला दूध
- धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यता
- बाजार मूल्य ₹1 लाख से ₹10 लाख तक
- प्रतिदिन 1–3 लीटर तक दूध देने की क्षमता
इन गुणों के कारण यह गाय आज देशभर में तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
