बिचौलियों पर प्रशासन का 'सर्जिकल स्ट्राइक': ओडिशा बॉर्डर पर रतजगा कर पकड़ा 74 क्विंटल अवैध धान, 3 पिकअप जब्त, मचा हड़कंप

ओडिशा बॉर्डर पर रतजगा कर पकड़ा 74 क्विंटल अवैध धान
X

ओडिशा बॉर्डर पर रतजगा कर पकड़ा 74 क्विंटल अवैध धान

जशपुर जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध धान से लदे वाहनों को जब्त किया है। माफिया ओडिशा से तस्करी कर रहे थे।

मयंक शर्मा- कोतबा/ जशपुर। जशपुर जिले में धान खरीदी शुरू होते ही प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। यहां के फरसाबहार ब्लॉक में एसडीएम और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने ओडिशा सीमा पर छापामार कार्यवाही की है। इस दौरान अवैध धान से लदे वाहनों को जब्त किया है। प्रशासन के इस सख्त रवैये से क्षेत्र के बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 5: 00 बजे ओडिशा सीमा पर छापामार कार्यवाही करते हुए अवैध धान से लदे तीन वाहनों को जब्त किया है। जिसे स्थानीय खरीदी केंद्रों में खपाने की तैयारी है। इस सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम ओम कारेश्वर सिंह ने तहसीलदार के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम का गठन किया। ​अधिकारियों ने ओडिशा से लगी सीमाओं पर 'रतजगा' (पूरी रात जागकर निगरानी) कर नाकेबंदी की। इस दौरान तीन पिकअप वाहनों को अवैध धान का परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।


पुलिस के हवाले किया गया जखीरा
टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए तीनों पिकअप वाहनों और उनमें लदे धान को जब्त कर लिया है। जब्त किए गए वाहनों और धान को तुमला थाना के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्यवाही ने अवैध कारोबार करने वालों की नींद उड़ा दी है।

ओडिशा से हो रही थी तस्करी
मिली जानकारी और मौके पर तैयार पंचनामा के अनुसार, एसडीएम फरसाबहार ओम कारेश्वर सिंह और तहसीलदार की संयुक्त उड़नदस्ता टीम ने गश्त के दौरान कोल्हेनझरिया और पेरूआरा बेरियर के पास नाकेबंदी की थी। कार्यवाही का ब्यौरा इस प्रकार है-

1. ​पहला वाहन (OD16 K 3163): कोल्हेनझरिया में जांच के दौरान इस पिकअप को रोका गया। इसमें 75 बोरी (अनुमानित 30 क्विंटल) धान लदा था। चालक ने बताया कि वह ओडिशा के ग्राम हुरमे (थाना किंजिरकेला) से धान लाकर फरसाटोली ले जा रहा था।

2. ​दूसरा वाहन (OD16 J 6224): कोल्हेनझरिया और डगबेड़ी के बीच सागौन बाड़ी के पास इस वाहन को पकड़ा गया। इसमें 39 बोरी (अनुमानित 19.50 क्विंटल) धान था। यह धान हाथीबेड़ निवासी रंजित यादव के घर से कोल्हेनझरिया की तरफ ले जाया जा रहा था।

3. ​तीसरा वाहन (CG14 MG 9455): इसे पेरूआरा बेरियर के पास रोका गया। इसमें 58 बोरी (अनुमानित 25 क्विंटल) धान मिला। चालक ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से धान लोड करके अपने घर गंझियाडीह ले जा रहा था।


कार्यवाही लगातार जारी रहेगी- एसडीएम
कुल मिलाकर, प्रशासन ने एक ही रात में लगभग 74.50 क्विंटल अवैध धान और तीन पिकअप वाहनों को जब्त करने में सफलता मिली है। कार्यवाही के बाद एसडीएम फरसाबहार ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रशासन किसी भी सूरत में अवैध धान को समितियों में खपाने नहीं देगा। उन्होंने कहा- हमारी टीम पूरी तरह सतर्क है। अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है और यह कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story