जगदलपुर को मिली बड़ी सौगात: विधायक किरण देव ने किया 1.10 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

जगदलपुर को मिली बड़ी सौगात
X

भूमिपूजन करते हुए विधायक किरण सिंह देव और महापौर संजय पांडे

जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में 1 करोड़ 10 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी शामिल हुए।

अनिल सामंत- जगदलपुर। जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में लगातार जारी विकास यात्रा को आगे बढ़ाते हुए आज शहर में लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपए की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव और महापौर संजय पांडे ने किया। शहर में जलभराव की दीर्घकालिक समस्या को समाप्त करने के लिए पं. सुंदरलाल शर्मा वार्ड में 25 लाख की लागत से पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया गया।

इसी क्रम में बलिराम कश्यप वार्ड में कार गैराज से अयप्पा मंदिर तक दोनों ओर 15 लाख की लागत से पेवर ब्लॉक कार्य का शुभारंभ किया गया। चंद्रशेखर आजाद वार्ड में व्यायामशाला भवन 20 लाख तथा जिम सामग्री 25 लाख की लागत से तैयार कर लोकार्पित की गई। वहीं भूतहा तालाब के चारों ओर 20 लाख की लागत से बाउंड्रीवॉल निर्माण और लालबाग उद्यान में 5.37 लाख की लागत से सोलर हाईमास्ट लाइट लगाने का भूमिपूजन भी किया गया।


जगदलपुर विधानसभा चौमुखी विकास की ओर अग्रसर
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण देव ने कहा कि विकास कार्य अनवरत जारी हैं और इनमें धनराशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में जगदलपुर विधानसभा चौमुखी विकास की ओर अग्रसर है। जलभराव जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान में सरकार दृढ़ संकल्पित है और हर कार्य जनता की मांग के अनुरूप प्राथमिकता से पूरा होगा।

समन्वित प्रयास से निरन्तर विकास
महापौर संजय पांडे ने कहा कि, प्रदेश नेतृत्व की दूरदर्शी सोच और नगर निगम के समन्वित प्रयासों से शहर में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। पुलिया, पेवर ब्लॉक, व्यायामशाला और पार्क में हाईमास्ट लाइट जैसे कार्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगे।

निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूर्ण किए जाने का संकल्प दोहराया
शहर में 1 करोड़ 10 लाख रुपए के विकास कार्यों का एक साथ लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। जिसमें पुलिया निर्माण, पेवर ब्लॉक सड़क, व्यायामशाला भवन व उपकरण, बाउंड्रीवॉल तथा हाईमास्ट लाइट शामिल हैं। यह सभी कार्य शहर की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखकर किए गए हैं। विशेषकर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए प्रमुख वार्डों में पुलिया निर्माण को प्राथमिकता दी गई है।

मुख्यमंत्री और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में चल रहे इन कार्यों का उद्देश्य शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करना, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना और सभी वार्डों में समान रूप से विकास उपलब्ध कराना है। जनप्रतिनिधियों व जनमानस की मांगों के अनुरूप सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूर्ण किए जाने का संकल्प दोहराया गया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story