राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन: 8 मिनट में 200 सवाल हल कर जगदलपुर के बच्चों ने रचा कीर्तिमान

इन बच्चों ने रचा कीर्तिमान
अनिल सामंत- जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय अबेकस एवं मेंटल एरिथमेटिक चैंपियनशीप प्रतियोगिता में जगदलपुर के होनहार बच्चों ने अपनी असाधारण गणनात्मक क्षमता का प्रदर्शन कर सबको चकित कर दिया। इस प्रतियोगिता में बच्चों ने महज आठ मिनट में 200 प्रश्न हल कर अपनी तीव्र सोच, स्मरण शक्ति और एकाग्रता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता महर्षि वाल्मीकि उत्सव मंडप,श्रीराम मंदिर, वीआईपी चौक रायपुर में संपन्न हुई, जिसमें प्रदेशभर से 5 से 13 वर्ष आयु वर्ग के 1,000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह स्पर्धा विजुअल, लिसनिंग और फ्लैश तीन श्रेणियों में आयोजित की गई थी। प्रतिभागियों ने बिना कैलकुलेटर और कागज-कलम के दिमागी गणना कर अपने कौशल से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया।
दो दर्जन बच्चों ने किया शहर का नाम रोशन
जगदलपुर से करीब दो दर्जन बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर शहर का नाम रोशन किया। बच्चों ने न केवल विभिन्न श्रेणियों में स्थान प्राप्त किए, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन से कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का आत्मविश्वास, सटीकता और गति देखते ही बनती थी।
जगदलपुर के प्रतिभागियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
जगदलपुर के बच्चों ने प्रतियोगिता में अलग-अलग स्तरों पर शानदार सफलता अर्जित की। एटथ लेवल में चैंपियन का खिताब जीतने से लेकर विभिन्न ग्रुपों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान तक, बच्चों ने अपनी मेहनत का लोहा मनवाया। फाउंडेशन से लेकर एडवांस लेवल तक,सभी वर्गों में जगदलपुर के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए यह साबित किया कि वे गणितीय प्रतिभा में किसी से कम नहीं हैं। मेरिट सूची में भी शहर के कई बच्चों ने अपनी जगह बनाई,जो भविष्य के लिए शुभ संकेत है। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
