दलपत दीपोत्सव में इतिहास रचेगा बस्तर का नन्हा थलेश: 200 मीटर नौका दौड़ स्पर्धा में दिखाएगा अपनी प्रतिभा, खेल और पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

दलपत दीपोत्सव में इतिहास रचेगा बस्तर का नन्हा थलेश
X

नन्हा खिलाड़ी थलेश

जगदलपुर में दलपत दीपोत्सव के अवसर पर 7 साल के थलेश बनाएंगे छत्तीसगढ़ राज्य रिकॉर्ड, 200 मीटर कयाकिंग स्पर्धा में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

अनिल सामंत- जगदलपुर। बस्तर एक बार फिर अपनी असाधारण प्रतिभा से पूरे छत्तीसगढ़ और देश का ध्यान आकर्षित करने जा रहा है। दलपत सागर, जगदलपुर में आयोजित होने वाले दलपत दीपोत्सव के अवसर पर खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। महज 07 वर्ष की उम्र में कयाकिंग एंड कैनोइंग (नौका दौड़) में प्रशिक्षणरत नन्हा खिलाड़ी थलेश अपनी अद्भुत संतुलन क्षमता, साहस और तकनीकी दक्षता के दम पर छत्तीसगढ़ राज्य रिकॉर्ड स्थापित करने की ओर अग्रसर है।

दलपत सागर प्रशिक्षण केंद्र में नियमित अभ्यास और अनुशासित मेहनत के बल पर थलेश ने वह कर दिखाया है, जो उम्र नहीं बल्कि जज़्बे की ताकत को साबित करता है। आगामी 25 जनवरी को शाम 5 बजे, दलपत दीपोत्सव के मंच से वह 200 मीटर कयाकिंग स्पर्धा में रिकॉर्ड बनाने का ऐतिहासिक प्रयास करेगा। यह क्षण केवल एक खिलाड़ी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बस्तर अंचल के खेल भविष्य का प्रतीक बनेगा।


रोमांच, प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा से भरपूर आयोजन
दलपत दीपोत्सव के अंतर्गत नगर निगम जगदलपुर द्वारा 200 मीटर कयाकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में पुरुष सीनियर एवं जूनियर वर्ग के साथ महिला सीनियर एवं जूनियर वर्ग की नौका दौड़ भी शामिल होगी। रोमांच, प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा से भरपूर यह आयोजन दर्शकों को अभूतपूर्व अनुभव देगा और स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाएगा।

खेल विभाग के प्रतिनिधियों ने इस पहल को प्रेरणादायी बताया
खेल प्रेमियों और नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। यह आयोजन खेल, संस्कृति और पर्यटन को एक साथ जोड़ते हुए जगदलपुर को राज्य के खेल मानचित्र पर नई ऊँचाई देने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है। बस्तर में खेल और पर्यटन की असीम संभावनाओं को रेखांकित करते हुए प्रशासन, नगर निगम और खेल विभाग के प्रतिनिधियों ने इस पहल को प्रेरणादायी बताया और इसे आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक क्षण करार दिया।

खेलों के माध्यम से बस्तर को मिलेगी नई पहचान
खेलों के माध्यम से बस्तर की पहचान को नई उड़ान देने वाले इस ऐतिहासिक प्रयास पर महापौर (नगर निगम जगदलपुर) संजय पांडे, नगर निगम सभापति राजस्व संग्राम सिंह राणा, कलेक्टर बस्तर आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर, सहायक संचालक खेल, युवा कल्याण ऋषिकेश तिवारी, प्रशिक्षक अशोक साहू तथा कयाकिंग एंड कैनोइंग प्रभारी डी. कोटेश्वर राव नायडू ने अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।

दलपत दीपोत्सव में कयाकिंग का ऐतिहासिक अध्याय
दलपत दीपोत्सव के अवसर पर 25 जनवरी की शाम 05 बजे दलपत सागर जगदलपुर खेल इतिहास का साक्षी बनेगा। जब मात्र 07 वर्षीय नन्हा खिलाड़ी थलेश 200 मीटर कयाकिंग स्पर्धा में छत्तीसगढ़ राज्य रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेगा। इसी आयोजन के अंतर्गत पुरुष एवं महिला सीनियर-जूनियर वर्ग की नौका दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जो बस्तर में जल क्रीड़ा संस्कृति को नई दिशा देंगी। यह पहल न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगी, बल्कि जगदलपुर को खेल, पर्यटन और सांस्कृतिक आयोजनों के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story