पड़ोसी राज्यों से अवैध सप्लाई: 9 करोड़ 65 लाख रुपए का धान जब्त, महासमुंद टॉप पर

File Photo
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी से पहले राज्य में पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती जिले से धान की अवैध घुसपैठ शुरू हो गई है। खास बात ये है कि, खरीदी शुरू होने से 15 दिन पहले से ये काम शुरू हो गया था। 21 नवंबर तक राज्यभर में 31 हजार 145.22 क्विंटल धान पकड़ कर जब्त किया जा चुका है। इसकी कीमत 9 करोड़ 65 लाख 50 हजार रुपए होती है। राज्य में जब से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुई है, तभी से यहां पड़ोसी राज्यों के कोचिया अपने प्रदेश का धान लाकर बेचने का गोरख धंधा करते रहे हैं।
इस अवैध कारोबार की वजह ये है कि छत्तीसगढ़ में धान की कीमत 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल मिल रही है, जबकि यूपी जैसे राज्य में धान की कीमत 14 सौ रुपए के आसपास है, इसी तरह ओडिशा में कीमत इससे भी कम होती है। यही कारण है कि राज्य में ओडिशा, यूपी, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार आदि राज्यों का धान लाकर बेचने का धंधा चलता है।
झारखंड की सीमा पर निगरानी
प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ ही कुछ क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन की संभावनाओं को रोकने राज्य भर में प्रशासन सख्त हो गया है। इसी क्रम में जशपुर जिला कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने जशपुर जिले का झारखंड सीमा से लगे चेकपोस्टों पर देर रात औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
राज्य के हर जिले में अवैध धान
यह बात भी गौर करने वाली है कि राज्य के सभी 33 जिलों में बाहर से लाया गया धान बरामद किया गया है। कोई जिला बाकी नहीं है जहां इस तरह धान न लाया गया हो। सबसे बड़ी घुसपैठ महासमुंद, बलरामपुर से राज्य सरकार द्वारा बरामद किए गए अवैध धान के 1 नवंबर से 21 नवंबर तक के आंकड़ों को देखने से साफ होता है कि राज्य में सबसे अधिक धान महासमुंद जिले में जब्त किया गया है। यहां धान की मात्रा 4 हजार 984 क्विंटल रही है। इसकी कीमत 1 करोड़, 54 लाख, 5 हजार रुपए 31 सौ रुपए प्रतिक्विंटल के हिसाब से होती है। यह जिला ओडिशा की बार्डर से लगता है। इसी क्रम में बलरामपुर जिले में 4 हजार 358 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसकी कीमत 1 करोड़ 35 लाख रुपए होती है। राज्य का यह सीमावर्ती जिला यूपी की बार्डर से लगा हुआ है। इधर राज्य के सबसे दूरस्थ क्षेत्र बस्तर के नारायणपुर से मात्र 53 34 क्विंटल धान जब्त हुआ है। इसकी कीमत 1 लाख 60 हजार रुपए होती है।
सीएम साय के हैं सख्त निर्देश, धरपकड़ जारी
राज्य में प्रारम्भ हुई धान खरीदी के मद्देनजर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा राज्य के सभी अंतर्राज्यीय सीमाओं पर धान के अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी रखने एवं अवैध परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस निर्देश के परिपालन में मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले में कलेक्टर तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में खाद्य विभाग की टीम ने अवैध रूप से हो रहे अंतर्राज्यीय धान परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जप्त किया है। 15 नवम्बर को महिंद्रा पिकअप वाहन से 27.20 क्विंटल धान महाराष्ट्र के ग्राम मुरूमगांव निवासी तरुण यादव द्वारा औंधी लाया जा रहा था। खाद्य विभाग की टीम ने वाहन को रोककर धान जब्त किया तथा पूरे प्रकरण को थाना औंधी को सुपुर्द किया। 16 नवम्बर को चिल्हाटी क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने सचदेव फूड प्रोडक्ट, रायपुर द्वारा महाराष्ट्र से चिल्हाटी लाए जा रहे 309 क्विंटल धान वाहन क्रमांक सीजी 16 सीजे 8710 से जप्त किया, जिसे कार्रवाई के लिए थाना चिल्हाटी को सौंपा गया।
