Government Jobs: सरकारी कॉलेजों में 700 पदों पर होगी भर्ती, सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी और ग्रंथपाल बनने का मौका

मंत्रालय भवन
X

उच्च शिक्षा विभाग में कई पदों पर होगी भर्ती

छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा विभाग में कई रिक्त पदों पर भर्ती होगी। जिसमें सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी और ग्रंथपाल जैसे पद शामिल है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी (Government Jobs) की राह देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार उच्च शिक्षा विभाग में कई रिक्त पदों पर भर्ती करेगी। जिसके अनुसार, शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों, 625 सहायक प्राध्यापक, 25 क्रीड़ा अधिकारी की भर्ती होगी। इसके अलावा 50 ग्रंथपाल की भर्ती से पुस्तकालयों का बेहतर संचालन होगा। इसके लिए वित्त विभाग से अनुमति भी मिल गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार और उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने 700 पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान की है। यह आदेश युवाओं के लिए आशा और अवसर की नई किरण लेकर आया है। स्वीकृत पदों में सहायक प्राध्यापक के 625 पद शामिल किए गए हैं।

ग्रंथपाल के 50 पद

महाविद्यालयों में नई भर्ती होने से पढ़ाई की गुणवत्ता और शोध कार्यों में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिलेगा। इसी क्रम में क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त ग्रंथपाल के 50 पदों पर भी भर्ती की स्वीकृति दी गई है।

5 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विगत 21 माह में महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका, स्वास्थ्य विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों और चिकित्सा अधिकारियों, आदिम जाति विकास विभाग में छात्रावास अधीक्षक सहित अन्य विभिन्न विभागों के अनेक पदों पर भर्ती की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री साय की घोषणा के अनुरूप शिक्षकों के 5 हजार पदों सहित अन्य पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, तकनीक और प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को बड़े पैमाने पर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

चौधरी ने कहा-शिक्षा को प्राथमिकता
वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति इसी दिशा में एक बड़ा निर्णय है। इस पहल से एक ओर जहां युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की उच्च शिक्षा प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी। वित विभाग द्वारा दी गई यह अनुमति भविष्य की पीढ़ी को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

साय बोले-एक ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, यह निर्णय प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण वातावरण निर्मित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। महाविद्यालयों में रिक्त 700 पदों पर भर्ती होने से न केवल महाविद्यालयों में शैक्षणिक स्तर सुदृढ़ होगा, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और सीखने के अवसर भी प्राप्त होंगे। यह पहल आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सशक्त बनाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story