अनोखी बकरी का जन्म: आठ पैर, तीन कान और दो कमर वाले बच्चे को देखने उमड़ी भीड़, कुछ देर बाद हो गई मौत

अनोखी बकरी का हुआ जन्म
नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ग्राम बोकराटोला में एक अनोखे बकरी के बच्चे ने जन्म लिया है। इस बकरी के आठ पैर, तीन कान और दो कमर है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही रामकेश साहू के घर पर बकरी को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी है। बताया जा रहा है कि, बकरी के बच्चे के जन्म के कुछ ही देर बाद उसकी मृत्यु हो गई।
दूरस्थ क्षेत्र आश्रित ग्राम बोकराटोला में उस समय ग्रामीणों में जिज्ञासा फैल गई जब रामकेश साहू के घर की बकरी ने एक साथ दो बच्चों को जन्म दिया। इनमें से एक बच्चा सामान्य रूप से स्वस्थ है, जबकि दूसरा बच्चा आठ पैर, तीन कान और दो कमर के साथ पैदा हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, बकरी का पहला बच्चा पूरी तरह से सामान्य है, उसके चार पैर सुरक्षित हैं। वहीं दूसरा बच्चा असामान्य रूप से विकसित हुआ था और जन्म के कुछ ही देर बाद उसकी मृत्यु हो गई।
असमान विकास के कारण होता है - डॉक्टर
पशु चिकित्सकों के मुताबिक यह मामला जैविक विकृति (Biological Deformity) का है, जो भ्रूण के असमान विकास के कारण होता है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामले बहुत ही दुर्लभ होते हैं और कभी-कभी जुड़वां भ्रूण के एक साथ विकसित न हो पाने से इस तरह की शारीरिक संरचना बन जाती है।
चर्चा का विषय बना बकरी
इस घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ रामकेश शाहू के घर उमड़ पड़ी। लोग इस विचित्र बच्चे को देखने पहुंचने लगे और मोबाइल में तस्वीरें खींचते नजर आए। यह घटना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
