हड़ताल खत्म होते ही नए ऑपरेटरों की छुट्टी: बेरोजगार युवा फिर सड़क पर, धान खरीदी तक सेवाएं जारी रखने की मांग

हटाए गए नव-नियुक्त ऑपरेटर
X

उपार्जन केंद्रों से हटाए गए नव-नियुक्त ऑपरेटरों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

कम्प्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते प्रशासन ने तात्कालिक व्यवस्था के लिए जिले के बेरोजगार युवाओं को अस्थायी तौर पर ऑपरेटर की जिम्मेदारी सौंपी थी।

गोरेलाल सिन्हा- गरियाबंद। जिले के धान खरीदी केंद्रों में पिछले दिनों कम्प्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते प्रशासन ने तात्कालिक व्यवस्था के लिए जिले के बेरोजगार युवाओं को अस्थायी तौर पर ऑपरेटर की जिम्मेदारी सौंपी थी। युवाओं को भरोसा दिलाया गया था कि, धान खरीदी सीजन के दौरान उनका काम निरंतर जारी रहेगा।

लेकिन हड़ताली ऑपरेटरों के वापस लौटते ही प्रशासन ने नव–नियुक्त ऑपरेटरों को बिना पूर्व सूचना के कार्यमुक्त कर दिया। इससे नाराज होकर बुधवार 26 नवंबर को जिलेभर के हटाए गए कंप्यूटर ऑपरेटर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी पीड़ा साझा की।

धान खरीदी तक सेवाएं जारी रखने की मांग
युवाओं का कहना है कि, उपार्जन केंद्रों में काम शुरू होने के बाद वे पूरी मेहनत से लगातार सेवाएं दे रहे थे। कई केंद्रों का पूरा डेटा एंट्री और खरीद संबंधी कार्य इन्हीं के भरोसे चल रहा था। लेकिन जैसे ही स्थाई ऑपरेटरों की हड़ताल खत्म हुई, उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। युवाओं ने कलेक्टर से मांग की कि पूर्व आदेश और मौखिक निर्देशानुसार उन्हें नियुक्ति पत्र जारी किया जाए और खरीदी अवधि तक सेवा जारी रखने दिया जाए। उनका कहना है कि, अचानक सेवा समाप्त कर देने से वे एक बार फिर बेरोजगारी की मार झेलने को मजबूर हो गए हैं।

प्रशासन की कार्रवाई से युवाओं में आक्रोश
कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में युवाओं ने प्रशासनिक आश्वासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमारी सेवाएं लेते समय हमें विश्वास दिलाया गया था, लेकिन अब हमें नजरअंदाज कर दिया गया है। यह हमारे साथ अन्याय है। प्रशासन की इस कार्रवाई से युवाओं में खासा रोष है और उन्होंने न्याय मिलने तक आवाज उठाने की बात कही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story