जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए लाबिंग शुरू: गरियाबंद जिले के कार्यकर्ता और नेता वर्तमान अध्यक्ष के पक्ष में एकजुट

अध्यक्ष भावसिंह साहू
X

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भावसिंह साहू 

जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद के अध्यक्ष भावसिंह साहू के पक्ष में जिलेभर के कांग्रेसी सामने आए हैं। पर्यवेक्षक के सामने दोबारा अध्यक्ष बनाने की मांग रखेंगे।

श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले और सदस्यता अभियान में बड़ी भूमिका निभाने वाले निर्विवाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भावसिंह साहू के पक्ष में कांग्रेसजन खुलकर एक बार फिर से सामने आ गए हैं।

बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने कहा कि, वे 2020 में जिला कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जिम्मेदारी संभालते ही उन्होने आला कमान के निर्देश पर सदस्यता अभियान में बड़ी भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में लोगो को पार्टी से जोड़ा। वह दौर जब कोरोना काल का था बावजूद कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने पूरे जिले का दौरा किए।

जबकि कलेक्टर, एसपी उन्हें कोरोना काल में सतर्क रहने के लिए कह रहे थे। लेकिन वे अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी मातृ संस्था कांग्रेस के लिए रात और दिन एक किया। 2023 के चुनाव में उन्होने बिंद्रानवागढ़ सीट जो कि, भाजपा की गढ़ वाली विधानसभा क्षेत्र रही है उसे जीतने में कामयाबी हासिल किया।

लाकडाउन में मसीहा बनकर उभरे
भावसिंह साहू लॉकडाऊन के समय गरीबों के मसीहा बनकर उभरे। गरीबों के घरों तक चावल पहुंचाएं। यूपी के पंडे बड़ी संख्या में क्षेत्र में फंसे हुए थे उनकी मदद की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि, कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के हर कार्यक्रम को फॉलो किया। जहां चक्काजाम करने की नौबत आई, धरना प्रदर्शन हुआ वहां वे कार्यकर्ताओं को लेकर शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि, भावसिंह साहू जैसे सच्चे और कर्मठ कार्यकर्ता की बदौलत गरियाबंद जिले के दोनो विधानसभा क्षेत्र राजिम और बिंद्रानवागढ़ में कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए उन्होने दिलोजान से काम किया है।

ब्लाक कांग्रेस कमेटी के भी अध्यक्ष रह चुके हैं साहू
2020 के पहले वे 6 साल तक 2014 से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के पद पर काम किए। कार्यकर्ताओं ने कहा है कि, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक के रूप में राजस्थान के पूर्व मंत्री रेहाना चिश्ती जब आएंगे तो उनके सामने वर्तमान जिला अध्यक्ष भावसिंह साहू का पक्ष मजबूती के साथ रखेंगे। उन्हें ही अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने की मांग करेंगे। आज भी जिले में भावसिंह साहू के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन मजबूती से काम कर रहा है।

इन्होंने की भावसिंह साहू के काम की सराहना
जिले में कांग्रेस के प्रति समर्पित भाव से काम करने वाले कांग्रेस के जिला प्रशासनिक महामंत्री ओंकार सिंह ठाकुर, वरिष्ठतम कांग्रेस नेता ठाकुर राम साहू, कोपरा के राजेश यादव, नंदकुमार साहू, प्रदेश प्रतिनिधि तपेश्वर ठाकुर, गरियाबंद ब्लॉक सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष यशवंत शोरी, प्रकाश ठाकुर, श्यामनगर के प्रकाश साहू, बोरिद के गेंदलाल यादव, नागझर के राकेश ध्रुव, फिंगेश्वर के जाकिर खान, बेलटुकरी के टोमन तारक, सरकड़ा के गजेंद्र साहू, अतरमरा के राजू निषाद, छुरा पंडरीपानी के मोतीराम साहू, रेवाराम साहू, भसेरा के पूर्व सरपंच नेहरू साहू, रांवड़ के डॉ नारद साहू, अधिवक्ता हेमराज साहू, थानसिंह निषाद सहित सैकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थको ने भावसिंह के कार्यो को सराहा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story