दुतकैया हिंसा की आंच ग्रामीणों तक पहुंची: राजिम पुलिस ने गांव के आठ लोगों को किया गिरफ्तार, इनमें एक लड़की भी

लोगों ने घरों में लगाई थी आग
रायपुर। राजिम क्षेत्र के दुतकैया गांव में हुई हिंसा के मामले में अब राजिम पुलिस ने दो और एफआईआर दर्ज किया है। अब तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने आठ ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार ग्रामीणों में एक युवती भी शामिल है।
राजिम पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पहले केस तोड़फोड़ और आग लगाने वाले अज्ञात लोगों पर दर्ज हुआ था। दूसरा केस आरक्षकों पर पथराव करने वाले लोगों पर हुआ है। उधर मुस्लिम जमात ने मंगलवार को राजिम-नवापारा में एक बैठक की। बैठक में दुत्कैयां गांव की घटना के मुख्य आरोपी आरिफ को गांव से निकालने की मांग रखी गई।
आरिफ को जिले से दूर रखने की मांग
इतना ही नहीं समाज के लोगों ने जिले की सीमा से भी आरिफ को दूर रखने की अपील की है। शांति और सुरक्षा के लिए राजिम- नवापारा में मुस्लिम जमात ने बैठक आयोजित किया था। बैठक में शांति बहाली के लिए निर्णय लिए गए। मुस्लिम समाज के अध्यक्ष ने प्रेस नोट जारी कर इस बात की जानकारी दी है।
आरिफ ने ग्रामीणों से की थी मारपीट
उल्लेखनीय है कि, दो दिन पहले जेल से छूटकर आए आरिफ ने अपने दो साथियों के साथ दुत्कैया गांव के लोगों के साथ मारपीट की थी। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में निवासरत मुस्लिमों के घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की थी। इस घटना के बाद से ही गांव में कर्फ्यू सा माहौल बना हुआ है।
