कलम के सिपाहियों का कमाल: सटीक गेंदबाजी के आगे पस्त हुई पुलिस इलेवन, पत्रकार इलेवन ने 4 विकेट से दी शिकस्त

कलम के सिपाहियों का कमाल : सटीक गेंदबाजी के आगे पस्त हुई पुलिस इलेवन, पत्रकार इलेवन ने 4 विकेट से दी शिकस्त
X

पत्रकार इलेवन और पुलिस इलेवन की टीम

धरसींवा में पत्रकार इलेवन की सटीक और धारदार गेंदबाजी के आगे पुलिस इलेवन की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पत्रकार इलेवन ने मैत्री ट्रॉफी जीती।

हेमंत वर्मा- धरसींवा। मैदान पर जब कलम के सिपाही और कानून के रखवाले आमने-सामने हुए तो मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पत्रकार इलेवन की सटीक और धारदार गेंदबाजी के आगे पुलिस इलेवन की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। रविवार को आयोजित इस मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबले में पत्रकारों ने न केवल सधी हुई गेंदबाजी की बल्कि चुस्त फील्डिंग के दम पर पुलिस इलेवन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। पुलिस की टीम पत्रकार इलेवन की रनों रोकने में दबाव में नजर आई और पूरी पारी के दौरान पत्रकारों की रणनीतिक गेंदबाजी का कोई तोड़ नहीं निकाल सकी। अंततः, पत्रकार इलेवन ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

ग्राम पंचायत टाडा स्थित शानदार खेल मैदान में रविवार को पुलिस और पत्रकारों के बीच एक दिवसीय मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। भारी संख्या में उमड़े दर्शकों की मौजूदगी में खेले गए इस मुकाबले में पत्रकार इलेवन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पुलिस इलेवन को 4 विकेट से पराजित कर जीत की ट्रॉफी अपने नाम की। इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस प्रशासन और पत्रकारिता जगत के बीच बेहतर तालमेल बिठाना तथा व्यस्त दिनचर्या के बीच शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित करना था। गोदावरी पावर इस्पात द्वारा विशेष रूप से संवारे गए इस मैदान की हरियाली और व्यवस्था ने खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया।


पुलिस टीम 62 रन पर हुई ऑल आउट
मैच की शुरुआत रविवार सुबह 9 बजे हुई जहाँ पत्रकार इलेवन के कप्तान हेमंत वर्मा ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का साहसिक निर्णय लिया। बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित पुलिस इलेवन की टीम ने 12 ओवर के इस मुकाबले में संभलकर खेलना शुरू किया। पुलिस टीम की ओर से चौकी प्रभारी व कप्तान राजेंद्र कंवर ने मोर्चा संभालते हुए बेहतरीन कप्तानी पारी खेली और अपनी टीम को 62 रनों के स्कोर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, पत्रकार इलेवन की सटीक गेंदबाजी के सामने पुलिस की पूरी टीम 12 ओवरों में 62 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार पत्रकार इलेवन को जीत के लिए 63 रनों का लक्ष्य मिला।

पत्रकार इलेवन ने मैच के 10वें ओवर में की जीत दर्ज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार इलेवन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और टीम ने शुरुआती झटके महसूस किए। लेकिन इसके बाद पारी को संभालने की जिम्मेदारी विद्या भूषण वर्मा, हिमांशु शर्मा और साहिल खान ने उठाई। इन तीनों खिलाड़ियों ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए 48 रनों की अहम साझेदारी की और विशाल स्कोर की नींव रखी। इनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत पत्रकार इलेवन ने मैच के 10वें ओवर में ही 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।


पुलिस और पत्रकार समाज के सजग प्रहरी है- राजेन्द्र कंवर
पुलिस इलेवन के कप्तान और चौकी प्रभारी राजेंद्र कंवर ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस और पत्रकार दोनों ही समाज के सजग प्रहरी हैं और इस तरह के मैत्रीपूर्ण आयोजन से आपसी विश्वास बढ़ता है। उन्होंने हार-जीत से ऊपर उठकर खिलाड़ियों की फिटनेस और मैदान पर दिखाई गई उनकी खेल भावना की जमकर सराहना की।

पत्रकार इलेवन के कप्तान ने दी बधाई
मैच के समापन पर पत्रकार इलेवन के कप्तान हेमंत वर्मा ने अपने उद्बोधन में टीम को बधाई देते हुए कहा कि आज के इस मैच में जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण पुलिस और पत्रकारों के बीच बढ़ता समन्वय है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के तनावपूर्ण कार्य के बीच ऐसे आयोजन मानसिक ऊर्जा प्रदान करते हैं और हमें खेल भावना से जोड़े रखते हैं। इस दौरान गोदावरी पावर इस्पात द्वारा मैदान के बेहतरीन रखरखाव की भी सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story