सोंढुर में बन रही 40 फीट ऊंची भोलेबाबा की प्रतिमा: महाशिवरात्रि पर होगी प्राण प्रतिष्ठा, 21 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह भी

निर्माणधीन महादेव की मूर्ती
यशवंत गंजीर- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोंढुर में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत भव्य और यादगार होने वाला है। यहां 40 फीट ऊँची भगवान भोलेबाबा की विराट प्रतिमा का निर्माण तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। यह प्रतिमा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान भी प्रदान करेगी। प्रतिमा की नींव से लेकर अंतिम शिल्पकारी तक का कार्य कारीगरों और विशेषज्ञों द्वारा अत्यंत सौंदर्य के साथ किया जा रहा है।
इस पवित्र स्थल पर महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। पूरे आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने की जिम्मेदारी सोंढुर एवं आसपास के ग्रामीणों के साथ मिलकर महेश फाउंडेशन, सांकरा ने उठाई है।
कुल 21 जोड़ों का निःशुल्क विवाह कराया जाएगा संपन्न- हितेश
फाउंडेशन के संस्थापक हितेश महेश सिन्हा ने बताया कि, इस ऐतिहासिक अवसर को समाजसेवा के रूप में भी यादगार बनाने के लिए सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 21 जोड़ों का निःशुल्क विवाह संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि, सामूहिक विवाह में वही बेटियाँ शामिल होंगी, जिनके परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और उचित संसाधनों के अभाव में उनके विवाह में कठिनाई आ रही है।
बेटियों का विवाह कराना ईश्वर की सेवा के समान- हितेश
हितेश महेश सिन्हा ने कहा कि, हमारी कोशिश है कि किसी भी बेटी का विवाह सिर्फ इसलिए न रुके कि उसके माता-पिता के पास पर्याप्त आर्थिक साधन नहीं हैं। महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती का पावन दिवस है। ऐसे शुभ अवसर पर बेटियों का विवाह कराना ईश्वर की सेवा के समान है।
विवाह की सभी सामग्रियों की निःशुल्क होगी उपलब्धता
हितेश महेश ने आगे बताया कि, विवाह स्थल विशेष रूप से भोलेबाबा की 40 फीट ऊँची प्रतिमा के समीप तैयार किया जा रहा है, ताकि सभी नवविवाहित जोड़े भगवान के आशीर्वाद के साथ अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत कर सकें। पूरे कार्यक्रम में पंडितों द्वारा वैदिक अनुष्ठान, सामूहिक पूजन, बारात स्वागत, भव्य भोजन व्यवस्था और सभी विवाह सामग्रियों की निःशुल्क उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का संगम
स्थानीय ग्रामीणों ने ऐसे आयोजन को “मानवीय सेवा का आदर्श उदाहरण” बताते हुए हितेश महेश सिन्हा और उनकी टीम की सराहना की है। सोंढुर क्षेत्र में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग महाशिवरात्रि को इस विशेष आयोजन के साक्षी बनने की तैयारी कर रहे हैं। सोंढुर में आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का यह संगम निश्चय ही पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक मिसाल बनेगा।
