दिल्ली-रायपुर के बीच अब सर्वाधिक 8 उड़ानें: 26 से इंडिगो के साथ एयर इंडिया की नई फ्लाइट

File Photo
रायपुर। दिल्ली-रायपुर के बीच यात्रियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए इंडिगो के बाद एयर इंडिया ने भी इस सेक्टर में नई फ्लाइट संचालित करने की घोषणा कर दी है। दोनों फ्लाइट को मिलाकर रायपुर से दिल्ली के लिए सर्वाधिक आठ उड़ानें संचालित होंगी। 26 अक्टूबर यानी विंटर सीजन के दौरान एयर इंडिया की 3 और इंडिगो की पांच फ्लाइट के माध्यम से यात्री अपना सफर पूरा कर सकेंगे। यात्रा का विकल्प बढ़ने के साथ यात्रियों को किराए में भी राहत मिलने की संभावना है। एयर इंडिया रायपुर से केवल दिल्ली के लिए सुबह और शाम के शेड्यूल में अपनी फ्लाइट का संचालन करती है। 26 अक्टूबर से विमानन कंपनी अपनी तीसरी फ्लाइट शुरू करेगी। इससे यत्रियों को दोपहर के समय भी एयर इंडिया की फ्लाइट के माध्यम से अपनी यात्रा पूरी करने का मौका मिलेगा।
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से दिल्ली के लिए अभी 6 फ्लाइट आवाजाही करती है। इनमें यात्रियों की संख्या अधिक होती है, जिसकी वजह से सामान्य दिनों में भी इसका किराया बढ़ा हुआ रहता है। अच्छी ट्रैफिक की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इंडिगो के बाद एयर इंडिया ने भी इस सेक्टर में उड़ान बढ़ाने की घोषणा की है। दोनों कंपनियों की नई फ्लाइट के टिकट बुकिंग भी प्रारंभ कर दिया गया है। ट्रैवहल्स कारोबार से जुड़े व्यास ट्रैवहल्स के संचालक हरेन्द्र व्यास ने बताया कि ठंड के मौसम में जारी होने वाले नए शेड्यूल के दौरान विमानन कंपनियां नए सेक्टरों में फ्लाइट का संचालन करने की घोषणा करती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुरानी डिमांड के साथ मुंबई और भोपाल के लिए भी उड़ानों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर भी आने वाले दिनों में निर्णय लिया जा सकता है।
शेड्यूल
एयर इंडिया-दोपहर 12.10 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 2.05 बजे रायपुर में लैंड होगी। रायपुर से दोपहर 2.35 बजे टेकऑफ होकर शाम 4.45 बजे फ्लाइट दिल्ली में उतरेगी।
इंडिगो सुबह 10.15 बजे दिल्ली से टेकऑफ होकर 12.15 बजे रायपुर एयरपोर्ट में लैंड होगी। वापसी के दौरान दोपहर 12. 45 बजे रवाना होकर दोपहर 2.45 बजे दिल्ली में उतरेगी।
