खत्म होगी सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल: सीएम साय बोले- स्ट्राइक होगी खत्म, किसी को नहीं आएगी कोई दिक्कत

सीएम विष्णु देव साय
जीवानंद हलधर- जगदलपुर। सहकारी समिति और विपणन संघ के कर्मचारियों की हड़ताल जल्द खत्म होने वाली है। शनिवार को सीएम विष्णुदेव साय ने इसके संकेत देते हुए कहा कि, पूरे देश में धान खरीदी की सबसे बढ़िया व्यवस्था छत्तीसगढ़ में है। मैं सभी लोगों को कहना चाहुंगा कि, हड़ताल भी खत्म होगी और किसी को कोई भी दिक्कत नहीं आएगी। किसानों का एक एक दाना सरकार खरीदेगी।
आपको बता दें कि, छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। सीएम विष्णु देव साय ने इसे किसानों की मेहनत और सरकार पर उनके विश्वास का उत्सव बताते हुए कहा कि राज्य सरकार धान खरीदी को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध रूप में संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि धान खरीदी की सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण कर ली गई हैं और प्रदेश के सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ पूरी तरह सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
सहकारी समिति और विपणन संघ के कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, स्ट्राइक खत्म होगी और किसी को कोई भी दिक्कत नहीं आएगी। pic.twitter.com/JRPAG8aWVn
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) November 15, 2025
सरकार ने आधुनिक सिस्टम किए लागू
सीएम श्री साय ने आगे कहा कि, धान खरीदी व्यवस्था को तकनीक-सक्षम बनाते हुए सरकार ने इस वर्ष तुँहर टोकन एप, जीपीएस आधारित परिवहन, सतर्क एप, और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर जैसे आधुनिक सिस्टम लागू किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कदम पर हमारी प्राथमिकता किसानों को सुविधा, सम्मानजनक खरीदी और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है। किसानों का अटूट विश्वास ही छत्तीसगढ़ की प्रगति की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की आत्मा हमारे किसान हैं। आज शुरू हो रही धान खरीदी उनके परिश्रम को सम्मान देने का अवसर है।
धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह
उन्होंने आगे कहा कि, धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही प्रदेशभर में किसानों में उत्साह का माहौल है। पारदर्शी प्रक्रिया और मजबूत तकनीकी व्यवस्था से इस बार की खरीदी और अधिक सहज और व्यवस्थित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्धि का यह सफर आज फिर एक नई उम्मीद और किसानों के अटूट विश्वास की रोशनी के साथ आगे बढ़ रहा है।
