सीएम हाउस में विश्वकर्मा पूजा: साय बोले- श्रम की सार्थकता, सृजन की भावना को प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को

सीएम हाउस में विश्वकर्मा पूजा : साय बोले- श्रम की सार्थकता, सृजन की भावना को प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को
X

भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री साय ने संसार के प्रथम वास्तुकार औरं सृजन-निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ के श्रमवीर प्रदेश की प्रगति और निर्माण के वास्तविक आधारस्तंभ हैं। श्रम की सार्थकता और सृजन की भावना को समाज में प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को जाता है। विश्वकर्मा जयंती का यह अवसर हम सभी को समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा देता है।


ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा उपस्थित थी।


मान्यता है कि
भगवान विश्वकर्मा ने ही ब्रह्मा के साथ मिलकर ब्रह्मांड की रचना की थी। भगवान विश्वकर्मा ने ही देवताओं के अस्त्र-शस्त्र का निर्माण किया है। इसलिए हर साल 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की जयंती मनाई जाती है। साथ ही इंजीनियर, आर्किटेक्‍ट्स, शिल्‍पकार, औद्योगिक मजदूर, कारीगर आदि विश्वकर्मा पूजा करते हैं। विश्वकर्मा देवता को समस्त सृष्टि का शिल्पकार और देवताओं का वास्तु-विशारद माना जाते हैं। वे औजारों, मशीनों और तकनीकी उपकरणों के संरक्षक हैं।

सीएम विष्णुदेव साय ने पीएम मोदी को जन्मदिन की दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर मोदी को देश- विदेश से बधाई संदेश दे रहे हैं। इसी बीच छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने भी पीएम मोदी को प्रदेशवासियों की तरफ से बधाई दी। साथ ही उन्होंने मोदी की गारंटी और अन्य कार्यों की सराहना भी की है।

सीएम साय ने दी बधाई, लिखा- भारत की छवि को विश्व शिखर तक पहुंचाने के लिए आभार
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स में ट्वीट करते हुए लिखा- भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी कुशल संगठन शिल्पी, अद्भुत प्रशासक और वैश्विक नेता हैं। मां भारती के वैभव को पुनः स्थापित कर भारत की छवि को विश्व शिखर तक पहुंचाने के लिए हम सदैव उनके आभारी हैं। छत्तीसगढ़ में विश्वास और विकास का जो वातावरण बना है, वह मोदी जी की गारंटी का परिणाम है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story