आयुषी बनीं CA: सिंधी समाज से आने वाली पहली महिला चार्टर्ड एकाउंटेंट बनीं, लोगों ने दी बधाई

सिंधी समाज से आने वाली पहली सीए बनीं आयुषी बजाज
अनिल सामंत- जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर की बेटी आयुषी बजाज ने अपनी दृढ़ संकल्प और मेहनत से इतिहास रच दिया है। उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की उपाधि प्राप्त कर न केवल अपने परिवार,बल्कि पूरे सिन्धी समाज और शहर को गौरवान्वित किया है। आयुषी सिन्धी समाज की पहली सदस्य हैं जिन्होंने यह मुकाम हासिल किया, जिससे समाज में खुशी की लहर दौड़ गई।
सिन्धी पंचायत के अध्यक्ष मनीष मूलचंदानी ने जानकारी दी कि, आयुषी ने अपनी शिक्षा और मेहनत के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण है,बल्कि समाज के सभी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। समाज की ओर से आयुषी को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी गई।
सिन्धी समाज ने किया सम्मानित
आयुषी सिन्धी समाज के संरक्षक उधाराम और पायल मूलचंदानी की सुपुत्री हैं। उनकी सफलता का समाचार मिलते ही सिन्धी समाज में हर्ष की लहर दौड़ पड़ी। महिला विंग 'सुहिणी सोच' की पदाधिकारी चंद्रा देवी नवतानी, लक्ष्मी नवतानी और भारती लालवानी ने आयुषी को पगड़ी पहनाकर और मूमेंटो देकर सम्मानित किया। समाजजनों ने मिठाई बाँटकर अपनी खुशी प्रकट की। समाज के वरिष्ठों का कहना है कि, आयुषी ने न केवल सफलता पाई, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत की भूमिका भी निभाई है।
आयुषी को बधाई देने वालों का लगा तांता
आयुषी बजाज की सफलता ने जगदलपुर को गौरवान्वित किया है। सिन्धी समाज की पहली सीए बनकर उन्होंने नारी शक्ति की नई मिसाल कायम की है। उनका कहना है कि कठिन परिश्रम और विश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। समाज ने आयुषी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ दीं और कहा कि वे आने वाली पीढ़ी की प्रेरणा बनेंगी।
