पीएससी बताएगा-दूसरे राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाएं कब: माइंड वॉलेट में NCERT किताबें व IGNOU स्टडी मटेरियल

पीएससी बताएगा-दूसरे राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाएं कब : माइंड वॉलेट में NCERT किताबें व IGNOU स्टडी मटेरियल
X

File Photo 

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग अब अपने अभ्यर्थियों को बताएगा कि पड़ोसी राज्यों में कब-कब प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित होंगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग अब अपने अभ्यर्थियों को बताएगा कि पड़ोसी राज्यों में कब-कब प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसके कैंडिडेट्स के लिए एक क्लिक में विभिन्न कक्षाओं की एनसीईआरटी किताबें व इग्नू की अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध है। दरअसल, लंबे अरसे बार छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने अपनी वेबसाइट अपडेट की है। इसमें देश के सभी राज्यों के लोक सेवा आयोग के लिंक उपलब्ध कराए गए हैं। एक क्लिक पर ही अभ्यर्थी दूसरे राज्यों के आधिकारिक पीएससी वेबसाइट पर पहुंच जाएंगे और यह जान पाएंगे कि वहां किन तिथियों में भर्ती होनी है।

यूपीएससी की तर्ज पर पीएससी ने ये अपडेट करते हुए कैंडिडेट्स को एडवांस सुविधाएं प्रदान की हैं। इससे उन अभ्यर्थियों के समय में बचत हो सकेगी, जो अन्य राज्यों द्वारा आयोजित की जाने वाली भर्ती परीक्षाओं में भी शामिल होना चाहते हैं। कई बार आधिकारिक वेबसाइट ढूंढने में परीक्षार्थियों का अत्यधिक समय व्यर्थ होता है। अपराधियों द्वारा फर्जी वेबसाइट बनाकर फीस के नाम पर पैसे ठगने जैसे मामले भी सामने आते रहे हैं। पीएससी की वेबसाइट पर ही आधिकारिक लिंक होने से अभ्यर्थियों को इन समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।

बीते वर्षों के प्रश्न पत्र भी
इसके अतिरिक्त पीएससी ने माइंड वॉलेट 'नाम से एक पृथक फोल्डर भी तैयार किया है। इस फोल्डर में एनसीईआरटी की किताबें उपलब्ध हैं। इग्नू के स्टडी मटेरियल भी इस माइंड वॉलेट में अभ्यर्थियों को मिल जाएंगे। एनसीईआरटी की जहां 12वीं तक की किताबें उपलब्ध हैं तो वहीं इग्नू द्वारा संचालित स्नातक से लेकर स्नातकोत्तर

और डिप्लोमा पाठ्यक्रम के स्टडी मटेरियल भी इमसें हैं। भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर भी अभ्यर्थी पीएससी वेबसाइट के जरिए पहुंच सकते हैं। पीएससी ने पिछली परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी अपनी वेबसाइट पर अपलोड किए हैं। अभ्यर्थियों को अब कोचिंग सेंटर से पृथक रूप से प्रश्न बैंक खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी। वे एक क्लिक पर ही पिछली परीक्षाओं का पैटर्न समझ सकेंगे।

पूर्ववत सुविधाएं भी
नई सुविधाएं जोड़े जाने के साथ पीएससी ने पुरानी सुविधाएं भी यथावत रखी हैं। हालांकि इन्हें नए स्वरूप में पेश करने की कोशिश की गई है। इनमें परीक्षा परिणाम, नोटिफिकेशन, ऑनलाइन प्रदान की जाने वाली सुविधाओं सहित रजिस्ट्रेशन व इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का जिक्र किया गया है। गौरतलब है कि पीएससी के पूर्व अध्यक्ष टॉमन सोनवानी के कार्यकाल में हुए भर्ती फर्जीवाड़े के बाद पीएससी की साख पूर्ववत नहीं रही है। इसमें सुधार करने तथा परीक्षाओं को पारदर्शी व विश्वसनीय बनाने आयोग लगातार प्रयास कर रहा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story