भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक: संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने दी नसीहत- सत्ता का नशा न हो, संतुलित रखें आचरण

भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक : संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने दी नसीहत- सत्ता का नशा न हो, संतुलित रखें आचरण
X

File Photo 

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने भाजपा के नए प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बार बैठक ली। दो टूक कहा- कभी भी सत्ता का नशा न हो, आप अपना आचरण संतुलित रखें।

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने भाजपा के नए प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बार बैठक लेते हुए उनको नसीहत देते हुए दो टूक कहा- कभी भी सत्ता का नशा न हो, आप अपना आचरण संतुलित रखें। आपको इस बात को समझना है कि आप प्रदेश के 60 लाख भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, आपको मिशाल पेश करनी है, ताकि कार्यकर्ता भी आपकी तरह बनने के बारे में सोचें। प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी का 13 अगस्त को ऐलान किया गया था। इसके बाद पहली बार भाजपा के शिव प्रकाश ने यहां पर पदाधिकारियों की बैठक ली।

पदाधिकारियों से उन्होंने कहा, आपका आचरण ऐसा होना चाहिए जो हर वर्ग और समाज में फीट हो। आप अपना आचरण जितना अच्छा और संतुलित रखेंगे उतना ही आप कार्यकर्ताओं के साथ हर वर्ग और समाज में पसंद किए जाएंगे। आपका आचरण ही आपको अलग पहचान देगा। उन्होंने कहा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर पल संगठन की कार्ययोजना पर जुटा होता है। यही कारण है कि हमारे संगठन का विस्तार हो रहा है। छत्तीसगढ़ व देश में हमारी सदस्य संख्या हमारे संगठनात्मक स्वरूप का प्रतीक है। उन्होंने कहा, सबकी भूमिका पूरे प्रदेश में कार्यकर्ता, कार्यालय व कार्यक्रम के बीच सेतु के रूप में है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हमेशा संगठन के लिए समर्पित होता है, इसलिए हम मजबूत होते हैं।

संगठन के विस्तार पर चर्चा
बैठक में प्रदेश संगठन के विस्तार पर भी चर्चा की गई। इस माह के अंत तक सभी मोर्चा की कार्यकारिणी बनाने की तैयारी है। इसी के साथ अगले माह प्रदेश संगठन की कार्यसमिति का विस्तार होगा। इसी के साथ सभी प्रकोष्ठों के संयोजक और सहसंयोजक भी बनाए जाएंगे। बैठक में एसआईआर और आत्म निर्भर भारत के साथ जीएसटी और अन्य अभियानों को लेकर शिव प्रकाश को जानकारी दी गई कि क्या काम हुए हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, हम सब विचारधारा के उपासक हैं। हमारे व्यवहार में विचार है, इसलिए सदैव -विचार के लिए समर्पित होते हैं। हम सब कार्यकर्ता मजबूत संकल्प के साथ आगामी कार्ययोजनाओं के लिए जुटे हुए हैं। बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, लद्दाख के पूर्व सांसद व एसआईआर के प्रदेश प्रभारी जामयांग त्सेरिंग नामग्याल सहित प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story