भाजपा नेता अनुराग सिंह देव को मातृशोक: माता स्वर्णलता देवी का निधन, अंबिकापुर के शंकर घाट में 27 दिसंबर को होगा अंतिम संस्कार

भाजपा नेता अनुराग सिंह देव की माता श्रीमती स्वर्णलता देवी का निधन
संतोष कश्यप- अंबिकापुर। भाजपा नेता अनुराग सिंह देव की माता श्रीमती स्वर्णलता देवी का निधन हो गया है। शुक्रवार की सुबह 9.30 बजे उन्होंने रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। 27 दिसंबर को अंबिकापुर के शंकर घाट में अंतिम संस्कार होगा।
श्रीमती स्वर्णलता देवी स्वर्गीय अरुण प्रताप सिंह देव की धर्मपत्नी और अनुराग सिंह देव, अमिताभ सिह देव की माता हैं। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गईं हैं।
अंबिकापुर के बीजेपी नेता अनुराग सिंह देव छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के नवनियुक्त अध्यक्ष हैं। वे इस पद पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, विभिन्न बैठकों की अध्यक्षता कर रहे हैं और हाउसिंग बोर्ड की योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया शोक व्यक्त
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव की माताजी स्वर्णलता देवी सिंहदेव (धर्मपत्नी : स्व. अरुणप्रताप सिंहदेव) के देहावसान पर गहन शोक व्यक्त किया है। श्री देव ने अपने शोक संदेश में सिंहदेव-परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धेया स्वर्णलता देवी सिंहदेव के देवलोक गमन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
स्व. स्वर्णलता देवी को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्री देव ने कहा कि यह हम सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत रूप से अपूरणीय क्षति है। श्री देव ने स्व. स्वर्णलता देवी की आत्मा को चिरशांति और सभी शोकाकुल परिजनों को धैर्य व सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना परमपिता परमेश्वर से की है।
