बिलासपुर में OYO होटल सील: रिहायशी इलाके में चल रहा था, निगम की टीम पहुंची तो इधर-उधर भागे युवक-युवतियां

अवैध OYO होटल को सील करती नगर निगम की टीम
पंकज गुप्ते - बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नगर निगम ने शुक्रवार को सरकंडा क्षेत्र के देवनंदन नगर में बिना अनुमति संचालित हो रहे एक OYO होटल पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह कदम स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद उठाया गया, जिसमें होटल में हो रही संदिग्ध गतिविधियों का उल्लेख किया गया था।
बिना अनुमति चल रहा था होटल
निगम अधिकारियों के अनुसार, यह OYO होटल रिहायशी इलाके में बिना किसी वैध अनुमति के संचालित किया जा रहा था। होटल के कागजात और संचालन संबंधी दस्तावेज जांच में संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके बाद तत्काल सील करने की कार्रवाई की गई।
बिलासपुर नगर निगम ने बिना अनुमति चल रहे OYO होटल को सील किया, यह कदम स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद उठाया गया, जिसमें होटल में हो रही संदिग्ध गतिविधियों का उल्लेख किया गया था। @BilaspurDist #Chhattisgarh #OYOHotel pic.twitter.com/mrGwAvkRl0
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) January 20, 2026
कार्रवाई के दौरान युवक-युवती भागते दिखे
सीलिंग के लिए पहुंचे निगम दल को देखते ही होटल में मौजूद एक युवक और युवती वहां से भागते हुए नजर आए। इससे होटल में चल रही गतिविधियों को लेकर संदेह और मजबूत हुआ। निगम के मुताबिक ऐसी घटनाएँ रिहायशी क्षेत्रों की सुरक्षा और माहौल पर असर डालती हैं।
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
देवनंदन नगर के निवासियों ने पिछले कुछ दिनों से होटल में आने-जाने वाले लोगों के व्यवहार और गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर नगर निगम ने जांच की और अवैध संचालन की पुष्टि होने पर कार्रवाई की।
आगे भी होगी सख्त निगरानी
निगम अधिकारियों ने कहा है कि, शहर में बिना अनुमति चल रहे होटल, गेस्ट हाउस और किराए के ठिकानों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि रिहायशी क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
