मस्तूरी गोलीकांड का खुलासा: जनपद उपाध्यक्ष पर हमले की साजिश में दो नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में सभी आरोपी
पंकज गुप्ते- बिलासपुर। मस्तूरी गोलीकांड मामले में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें दो विधि से संघर्षरत किशोर भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, एक कट्टा, पांच मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, 13 खाली खोखे, 10 बुलेट और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि, यह पूरा हमला आपसी रंजिश और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा था। मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत ने अपने भाइयों और साथियों के साथ मिलकर जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर हमले की साजिश रची थी।
25 अक्टूबर को भी हमला करने का किया गया था प्रयास
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि, हमलावरों ने नितेश सिंह की हर गतिविधि पर नजर रखी थी और 25 अक्टूबर को भी हमला करने का प्रयास किया गया था, लेकिन योजना असफल रही। 28 अक्टूबर की शाम छह बजे दो बाइक में सवार नकाबपोश हमलावरों ने मस्तूरी के तिवारी होटल के पास बैठे नितेश सिंह और उनके साथियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसमें राजू सिंह और चंद्रकांत सिंह घायल हुए। दोनों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर है।
बिलासपुर पुलिस ने मस्तूरी गोलीकांड मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। @BilaspurDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/1JHGxQzbJo
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) October 30, 2025
एक लाख रुपये दिए थे नगद
पुलिस की एसीसीयू (साइबर सेल) और थाना मस्तूरी की संयुक्त टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और सबूतों की कड़ी जोड़ते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया है कि, तारकेश्वर पाटले ने मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत को एक लाख रुपये नगद दिए थे, जिसे उसने बाकी आरोपियों में बांटा था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब इस वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित साजिशकर्ताओं की भूमिका की भी जांच कर रही है। एसएसपी ने बताया कि, मस्तूरी और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद दर्ज हो चुके हैं। पुलिस ने मामले में कठोर कार्रवाई की बात कही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
बदमाशों ने बेख़ौफ की दनादन फायरिंग
गौरतलब है कि, देर शाम हुए गोलीकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दो बाइक सवार चार नकाबपोश हमलावर तिवारी होटल के बाहर बैठे चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
12 संदिग्धों को लिया गया हिरासत में
हमलावरों ने करीब 12 से 14 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे दोनों घायल हो गए। गनीमत रही कि, उनके साथी नीतेश सिंह ने जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले। घायलों को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई गई। इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी और 12 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
