दो नकाबपोशों ने ली युवक की जान: घर में घुसकर कुल्हाड़ी से किया वार, नक्सलियों पर हत्या की जताई जा रही आशंका

पुलिस थाना पामेड़
गणेश मिश्रा- बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पामेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम एर्रापल्ली निवासी पूनेम बुधरा, पिता जोगा, उम्र 22 वर्ष की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। आशंका जताई जा रही है कि, यह हत्या नक्सलियों ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात 10 बजे 2 नकाबपोशों ने मृतक के घर के अंदर प्रवेश किया। घर में प्रवेश करने के बाद दोनों नकाबपोशों ने पूनेम बुधरा पर जोरदार कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। एसपी ने कहा कि, घटना की तस्दीक और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के लिए पुलिस बल तत्काल रवाना हो गई है। इस मामले की गहन जांच के बाद की हत्या के कारण स्पष्ट होंगे और आरोपियों का पता लगाया जाएगा।
ब्लू वाटर में मिली सर कटी लाश
वहीं 22 दिसंबर को राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लू वॉटर इलाके में हड़कंप मच गया। जब पानी में एक अज्ञात व्यक्ति की सर कटी लाश तैरती हुई मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। मृतक का सिर गायब होने से यह मामला बेहद गंभीर और सनसनीखेज बन गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव की हालत और सिर के गायब होने को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
धारदार हथियार से महिला की हत्या
3 अक्टूबर को बालोद जिले के दल्लीराजहरा नगर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई थी। जहां वार्ड क्रमांक 17 में एक महिला की लाश उसके ही घर के बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिली है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, महिला के शरीर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। जिससे साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि, उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल, हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन महिला की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
