कर्रेगुट्टा हिल्स में बड़ा सर्चिंग अभियान: IED की चपेट में आकर 10 जवान घायल, MI-17 से किए गए रायपुर एयरलिफ्ट

Karregutta Hills
X

कर्रेगुट्टा हिल्स

बीजापुर-तेलंगाना सीमा के कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में DRG और कोबरा के 10 जवान घायल हुए।

गणेश मिश्रा- बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर-दंतेवाड़ा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच टकराव की गंभीर तस्वीर सामने आई है। बीजापुर-तेलंगाना सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए IED की चपेट में आने से सुरक्षाबलों के जवान घायल हो गए। यह इलाका लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है, जहां सुरक्षा बल लगातार दबाव बनाए हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कर्रेगुट्टा हिल्स में सर्च ऑपरेशन के दौरान एक के बाद एक कई आईईडी विस्फोट हुए। इन धमाकों में अब तक कुल 10 जवान घायल हुए हैं। घायलों में 9 जवान डीआरजी (DRG) के और एक जवान कोबरा बटालियन का शामिल है। विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए मोर्चा संभाले रखा।

सभी जवान खतरे से बाहर
घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए देर रात सेना के MI-17 हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया। बताया जा रहा है कि, सभी जवान खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

लंबे समय से मिल रही थी गतिविधियों की पुख्ता सूचना
कर्रेगुट्टा पहाड़ी नक्सलियों का सबसे सुरक्षित और रणनीतिक ठिकाना माना जाता है। सुरक्षा बलों को लंबे समय से यहां नक्सली गतिविधियों की पुख्ता सूचना मिल रही थी। इसी के चलते इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

इलाके की घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन तेज
उल्लेखनीय है कि, बीते वर्ष इसी क्षेत्र में 21 दिनों तक देश का अब तक का सबसे बड़ा एंटी-नक्सल ऑपरेशन चलाया गया था। आईईडी ब्लास्ट की घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया है। नक्सलियों की मौजूदगी और संभावित खतरे को देखते हुए अतिरिक्त बल भी तैनात किए गए हैं।

कररेगुट्टा में घायल हुए जवानों की लिस्ट:-

CoBRA

1. Si/GD रुद्रेश सिंह 210 Bn पैर में गंभीर चोट

DRG

1) शैलेंद्र कुमार एक्का- पैर में चोट
2) अय्यातु पोटम- पैर में चोट
3) सोनम कुंजाम -आंख में चोट
4) रमेश हेमला - आंख में चोट
5) गुड्डू टाटी
6) सुधरू राम नेताम
7) सीमा वारगिम
8) प्रकाश मिच्छा- आंख में चोट
9) बीजू मोरियम
10) अनिल जोडियाम

सभी की हालत स्थिर है, होश में हैं और बात कर रहे हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story