बस्तर में उमड़े सैलानी: विस्टाडोम में सीट के लिए भारी जद्दोजहद, विशाखापत्तनम मार्ग से पर्यटकों की रिकॉर्ड आवक

विस्टाडोम कोच में यात्री एक-एक सीट के लिए
अनिल सामंत- जगदलपुर। शीतकालीन पर्यटन सीजन में बस्तर देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में शुमार होता जा रहा है। यही कारण है कि, विशाखापत्तनम–जगदलपुर रेल मार्ग पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों में अटैच विस्टाडोम कोच पूरे वर्षभर यात्रियों की पहली पसंद बने रहते हैं। वर्तमान में पर्यटन बूम की स्थिति यह है कि, विस्टाडोम कोच में एक-एक सीट के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं कई बार खड़े़ होकर यात्रा करने की मजबूरी भी सामने आ रही है।
विशाखापत्तनम मार्ग से बड़ी संख्या में देशभर के सैलानी रेल यात्रा के माध्यम से जगदलपुर पहुंच रहे हैं। जगदलपुर से महज 35 से 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित भारत का नियाग्रा कहलाने वाला चित्रकोट जलप्रपात, दरभा क्षेत्र के कांगेर वैली में स्थित तीरथगढ़ जलप्रपात तथा इसके विपरीत दिशा में स्थित कोटमसर गुफा बस्तर की पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान कर रहे हैं। विशेषकर कोटमसर गुफा भूविज्ञान के विद्यार्थियों के लिए अध्ययन का प्रमुख केंद्र बनती जा रही है।

ग्रीन केव खुलने पर और बढ़ेगी पर्यटकों की भीड़
इसी कड़ी में कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में हाल ही में एक अनोखी प्राकृतिक स्थलाकृति ग्रीन केव सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार, राज्य सरकार द्वारा इस गुफा को पर्यटन मानचित्र में शामिल करने की तैयारियां की जा रही हैं। वन मंत्री कश्यप ने कहा है कि, ग्रीन केव के खुलने से बस्तर में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।
स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को गति प्राप्त होगी। वन विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां पूर्ण होते ही पर्यटक इस अद्भुत प्राकृतिक स्थलाकृति का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे। पर्यटकों और यात्रियों की इसी लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए संक्रांति पर्व के दौरान यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से ईस्ट कोस्ट रेलवे द्वारा कई ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोचों का संवर्द्धन किया गया है।

संक्रांति पर्व पर अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था
संक्रांति पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ईस्ट कोस्ट रेलवे द्वारा विशाखापत्तनम–किरंदुल पैसेंजर ट्रेन संख्या 58501 में 07, 09, 11, 13, 15, 17, 19, 21, 23, 25, 27 एवं 29 जनवरी 2026 को एक-एक अतिरिक्त विस्टाडोम चेयर कार कोच लगाए जाएंगे। वहीं वापसी दिशा में किरंदुल–विशाखापत्तनम पैसेंजर ट्रेन संख्या 58502 में 08, 10, 12, 14, 16, 18, 20, 22, 24, 26, 28 एवं 30 जनवरी 2026 को एक-एक अतिरिक्त विस्टाडोम चेयर कार कोच की सुविधा दी जाएगी।
इसके अलावा राउरकेला–जगदलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18107 में 03 एवं 04 जनवरी 2026 को एक स्लीपर श्रेणी कोच तथा संतरागाछी–येलहंका विशेष एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 02863 में 08 जनवरी 2026 को एक तृतीय वातानुकूलित (3rd AC) कोच अस्थायी रूप से जोड़ा जाएगा। उक्त जानकारी विशाखापत्तनम रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पवन कुमार ने दी।
