बस्तर में आ रहा बड़ा बदलाव: डिप्टी सीएम शर्मा बोले- नक्सलवाद 80% हो चुका है खत्म, जल्द पूरा बस्तर होगा मुक्त

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
X

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

बस्तर में हार्डकोर नक्सली चैतू और अनंत के आत्मसमर्पण पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, 80% नक्सलवाद खत्म, शेष भी जल्द समाप्त होगा।

रायपुर। बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे की बड़ी सफलता के बीच हार्डकोर नक्सली चैतू और अनंत के आत्मसमर्पण ने एक बार फिर शांति की उम्मीदों को मजबूत किया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, चैतू और अनंत ने अपने साथियों के साथ पुनर्वास का रास्ता चुना है। बस्तर शांति की ओर बढ़ रहा है और अब नक्सलवाद समाप्त होने के कगार पर है।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि, बस्तर और पूरे देश में नक्सलवाद 80% तक खत्म हो चुका है और शेष 20% को भी निर्धारित समय में समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि, आने वाला बस्तर नए विकास मॉडल ‘बस्तर 2.0’ का प्रतीक बनेगा। बस्तर में जल, जंगल, जमीन सब बस्तर के लोगों का है। यहां के युवा ही भविष्य के बस्तर को संभालेंगे और वे इसके लिए बेहद उत्साहित हैं। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि, आत्मसमर्पण की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि स्थानीय लोगों में शांति और विकास को लेकर मजबूत विश्वास पैदा हुआ है।

समानता के साथ समाप्त होगी हर चुनौती
नक्सलवाद के खात्मे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए शर्मा ने कहा कि, गृह मंत्री बनने के बाद ही अमित शाह ने स्पष्ट कहा था कि देश में कहीं भी कोई समस्या होगी तो समानता के साथ उसे खत्म किया जाएगा। नक्सलवाद भी उसी संकल्प के साथ समाप्त किया जा रहा है।

कांग्रेस पर निशाना- हमारे यहाँ संगठन प्रमुख, उनके यहाँ व्यक्ति प्रमुख
देश की बढ़ती जीडीपी पर उन्होंने कहा कि, अमेरिका के टैरिफ के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि सुखद है और यह देशवासियों के परिश्रम का परिणाम है।

कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर उठे सवालों पर विजय शर्मा ने कहा कि, भाजपा और कांग्रेस की परंपराओं में फर्क है। कांग्रेस में व्यक्ति प्रमुख होता है, भाजपा में संस्था और संगठन। इसलिए कांग्रेस में ऐसी परिस्थितियाँ बनती हैं।

जमीन गाइडलाइन दर पर टिप्पणी
जमीन गाइडलाइन दर को लेकर कांग्रेस के विरोध पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, अगर आमजन को तकलीफ है तो निश्चित रूप से उसकी सुनवाई होगी, लेकिन यदि किसी व्यक्ति विशेष को दिक्कत है और कांग्रेस उसके लिए आगे आ रही है, तो उस पर कुछ नहीं हो सकता।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story