बस्तर कांग्रेस में संगठनात्मक विस्तार: नव नियुक्त जिलाध्यक्षों ने ग्रहण किया पदभार, सरकार के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान

नव नियुक्त पदाधिकारियों के साथ पीसीसी चीफ दीपक बैज
अनिल सामंत- जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर एवं ग्रामीण संगठन को सोमवार को नई ऊर्जा और नया तेवर मिला, जब नव नियुक्त जिलाध्यक्षों का पदभार समारोह राजीव भवन में पूरे जोश, उत्साह और शक्ति प्रदर्शन के साथ संपन्न हुआ। लंबे समय बाद राजीव भवन खचाखच भरा नजर आया और कार्यकर्ताओं की गूंजती नारेबाजी ने माहौल को पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया। इस अवसर पर संगठन में नई जान फूंकने और आगामी संघर्षों की रूपरेखा स्पष्ट रूप से सामने आई।
समारोह के दौरान कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया कि आने वाले समय में बस्तर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन आक्रामक भूमिका में नजर आएगा। कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को केंद्र में रखकर निरंतर आंदोलन छेड़ने और सरकार की नीतियों के खिलाफ सशक्त प्रतिरोध खड़ा करने का आह्वान किया गया। पदभार ग्रहण के साथ ही संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और जनसंवाद को प्राथमिक लक्ष्य बताया गया। प्रदेश नेतृत्व ने बस्तर में विकास के नाम पर हो रहे कथित विनाश, अधिकारों की अनदेखी और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। स्पष्ट किया गया कि आने वाले तीन वर्ष कांग्रेस के लिए निर्णायक होंगे और इस अवधि में कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर जाकर सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे। अब संघर्ष केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगा। बल्कि सड़क पर उतरकर जनआंदोलन का रूप लेगा।

संगठन से संघर्ष तक का रोडमैप तय
पदभार समारोह के माध्यम से कांग्रेस ने यह संदेश दिया कि बस्तर में संगठन अब निष्क्रिय नहीं रहेगा। बल्कि जनहित के हर मुद्दे पर मुखर होकर सामने आएगा। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे सरकार की वादा-खिलाफी, विकास योजनाओं की सच्चाई और जनता से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाएं। आने वाले तीन वर्षों में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने, गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने और सड़क की लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार रहने की रणनीति तय की गई। ताकि, बस्तर की जनता को उनका हक और अधिकार दिलाने की निर्णायक लड़ाई लड़ी जा सके।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस मौके पर नव नियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी शहर जिलाध्यक्ष सुशील मोर्य और ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला को दूसरी बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई। जबकि पदभार प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा दिलाया गया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, रामशंकर राव, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व विधायक चंदन कश्यप, पूर्व विधायक राजमन बेंजाम, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव शर्मा, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, कौशल नागवंशी महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, चम्पा ठाकुर, कोमल सेना, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष निकेत राज झा, ग्रामीण अध्यक्ष अभिषेक डेविड, मनोहर लूनिया, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, बलराम यादव, फूलसिंह बघेल, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा, मंडल अध्यक्षगण आदि उपस्थित थे।
