सर्व आदिवासी समाज का बस्तर बंद: कांकेर- सुकमा में पसरा सन्नाटा, कांग्रेस नेता की जेल में मौत का कर रहे विरोध

कांकेर में बस्तर बंद का दिखा असर
गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कांग्रेस नेता की रायपुर सेंट्रल जेल में मौत के बाद बवाल मचा हुआ है। इसी बीच सर्व आदिवासी समाज ने बस्तर बंद का ऐलान किया है। जिसका असर सुबह से ही देखने को मिल रहा है। बंद के दौरान शहर में व्यापक रूप से सभी दुकान प्रतिष्ठान बंद दिखाई दिए ,वहीं शहर में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। इसी तरह सुकमा में सर्व आदिवासी समाज के आह्वान का बड़ा असर दिख रहा है। इस दौरान नगर के सभी दुकान बंद हैं।
जानिए क्या है मामला
कांग्रेस नेता और चारामा के पूर्व जनपद अध्यक्ष 2024 से जेल में बंद थे। जिन्हें 2 दिसंबर को बिना सूचना रायपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था। जेल प्रशासन के अनुसार, इसी बीच उनकी तबीयत ख़राब होने से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां 4 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। वहीं अब मामले में परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि, उन्हें कोई बीमारी नहीं थी सही समय पर इलाज होता तो उनकी जान बच जाती।
परिजनों ने लगाये गंभीर आरोप
परिजनों का कहना है कि, बिना सूचना के कांकेर से रायपुर जेल भेजा गया, जिसके कारण उनकी मौत हुई है। वहीं जेल प्रशासन का कहना है कि, तबीयत बिगड़ने से कैदी की मौत हुई है। बता दें कि, कांग्रेस नेता और चारामा के पूर्व जनपद अध्यक्ष जीवन ठाकुर वन अधिकार पट्टा घोटाले में जेल में थे। वहीं अब इस मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए थे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रायपुर ने जांच का आदेश जारी किया था।

