तातापानी उत्सव का भव्य शुभारंभ: CM साय ने किया 667 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, महोत्सव के लिए हर साल देंगे 25 लाख

CM साय ने किया तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ
रायपुर। बलरामपुर जिले में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति, लोहड़ी और पोंगल की शुभकामनाएँ दीं तथा महोत्सव के लिए प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। तपेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेश की खुशहाली की कामना भी की।
तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ
मुख्यमंत्री साय ने तातापानी महोत्सव को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, एकता और आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व सूर्य उपासना और समृद्धि का संदेश देता है। इस दौरान उन्होंने प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये महोत्सव आयोजन हेतु उपलब्ध कराने की घोषणा कर लोगों में उत्साह भर दिया।

जिले के लिए करोड़ों की विकास सौगातें
मुख्यमंत्री ने बलरामपुर में 655 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही तीन महत्वपूर्ण घोषणाएँ की-
- शासकीय महिला कर्मचारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल
- डाइट संचालन हेतु भवन
- और जिला पंजीयन कार्यालय का निर्माण
यह घोषणाएँ जिले की प्रशासनिक, शैक्षणिक और सामाजिक संरचना को नई मजबूती प्रदान करेंगी।
जनकल्याण योजनाओं पर सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, सरकार के दो वर्ष पूरे होते ही जनता से किए गए हर वादे को पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से हर पात्र को पक्का मकान, किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह ₹1000, 5 लाख भूमिहीन किसानों को 10-10 हजार रुपये, और श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के तहत 40 हजार श्रद्धालुओं को निःशुल्क दर्शन यात्रा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास और कल्याण को धरातल तक पहुंचाना है।
बच्चों संग पतंग उड़ाकर मनाई मकर संक्रांति
तातापानी में 60 फीट ऊँची भगवान शिव प्रतिमा के पास CM साय ने स्कूली बच्चों के साथ पतंग उड़ाई। इस दृश्य ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उल्लास और सौहार्द का अद्भुत वातावरण बना दिया।
200 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
सीएम विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह बंधन में बंधे 200 नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी भविष्य की कामना की।

कुम्हार चाक घुमाकर दिया ग्रामीण शिल्पकारों को सम्मान
माटीकला को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कुम्हार शिवमंगल के साथ स्वयं चाक पर मिट्टी डालकर माटीकला का कार्य किया। इस भाव ने स्थानीय कारीगरों में आत्मविश्वास और सम्मान की भावना को मजबूत किया।
प्रदर्शनी में दिखी नई झलक
CM साय ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनजातीय व्यंजन, डिजिटल सुविधाएं, सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता और ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसे नवाचारों की सराहना की। प्रदर्शनी ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक जड़ों और आधुनिक प्रगति का सुंदर मिश्रण प्रस्तुत किया।
कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक उद्देश्वरी पैंकरा, शकुंतला पोर्ते, अनुज शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
