सड़क हादसे में युवक की मौत: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचला, एक की मौत और युवती गंभीर रूप से घायल

फाइल फोटो
कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार- रायपुर मुख्य मार्ग नेशनल हाईवे 130 B पर ग्राम सकरी के पास शाम 6.30 एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे भारी डंपर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सड़क पर बेतरतीब ढंग से बिखरी रेत के कारण हुआ। रेत पर फिसलने से बाइक अनियंत्रित हुई और उसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने युवक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
लोगों की सुरक्षा पर खड़े हो रहे सवाल
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और हाईवे पर फैली निर्माण सामग्री को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां थोड़ी सी लापरवाही किसी की जान ले सकती है।
