SP ने समझी सहकर्मियों की पीड़ा: बलौदाबाजार में तीन स्थानों पर लगाए गए मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ, ड्यूटी करने में होगी आसानी

SP भावना गुप्ता सहकर्मियों के साथ
कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में यातायात पुलिस कर्मियों की कठिन ड्यूटी और उनकी समस्याओं को समझते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के नेतृत्व में तीन स्थानों पर मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ स्थापित किए गए हैं। जिनमें आंबेडकर चौक बलौदा बाजार, भाटापारा और सिमगा में इन बूथों के शुरू होने से अब यातायात पुलिस कर्मी चौराहों पर खुले में खड़े रहने के बजाय सुरक्षित और सुविधायुक्त बूथ में बैठकर अपनी ड्यूटी कर सकेंगे।
उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि, बचपन में स्कूल के दिनों में उन्होंने स्वयं यातायात जागरूकता कार्यक्रम के तहत दो दिनों तक ट्रैफिक पुलिस के साथ कार्य किया था। उस दौरान उन्होंने करीब से देखा और महसूस किया कि, किस तरह यातायात पुलिस के जवान धूप, बारिश, ठंड और धूल में घंटों खड़े रहकर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। उन्हीं अनुभवों ने उन्हें यातायात पुलिस कर्मियों की सुविधाओं के लिए यह पहल करने की प्रेरणा दी।
बलौदाबाजार जिले में यातायात पुलिस कर्मियों की कठिन ड्यूटी और समस्याओं को समझते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में तीन स्थानों पर मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ स्थापित किए गए। @BalodabazarSp @BalodaBazarDist #Chhattisgarh #trafficpolice pic.twitter.com/Ht3gdmVSa4
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 4, 2026
24 घंटे बिजली व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि, बलौदाबाजार जिले में मॉडल के तौर पर तीन स्थानों पर मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ लगाए गए हैं, जो पूरी तरह सर्वसुविधायुक्त हैं। इन बूथों में बैठने के लिए कुर्सी, पंखा, माइक (पीए सिस्टम), 24 घंटे बिजली व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे यातायात पुलिस कर्मियों को न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि वे अधिक प्रभावी ढंग से ट्रैफिक नियंत्रण कर सकेंगे।
बलौदाबाजार जिले में यातायात पुलिस कर्मियों की कठिन ड्यूटी और उनकी समस्याओं को समझते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के नेतृत्व में तीन स्थानों पर मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ स्थापित किए गए। @BalodaBazarDist @BalodabazarSp #Chhattisgarh #TrafficPolice pic.twitter.com/HaG9Etsm0u
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 4, 2026
शहर की यातायात व्यवस्था में और अधिक सुधार आएगा
पुलिस अधीक्षक ने विश्वास जताया कि, इन मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथों के संचालन से बलौदाबाजार शहर की यातायात व्यवस्था में और अधिक सुधार आएगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का इकलौता मॉडल है, जिसे सबसे पहले बलौदाबाजार जिले में लागू किया गया है।
