बलौदाबाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सूदखोरी करने वाले दंपति को किया गिरफ्तार, ब्लैकमेलिंग कर वसूलते थे ब्याज

बलौदाबाजार पुलिस थाना
कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में तेजी से फैल रहे सूदखोरी के जाल के बीच बड़ी कार्रवाई सामने हुई है। बलौदा बाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने सूदखोरी के आरोपी दंपति हेमलाल सिन्हा और उसकी पत्नी पिंकी सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है और देर शाम तक पुलिस इस मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।
यह वही मामला है, जिसमें पुरानी बस्ती निवासी हेमंत कुमार कन्नौजे ने आरोप लगाया था कि, उसने गाड़ी की किस्त चुकाने के लिए 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था। शुरुआत में महीने के हिसाब से 10 प्रतिशत ब्याज तय हुआ था। लेकिन बाद में यह दर सप्ताह में 10 प्रतिशत तक बढ़ गई। हेमंत ने ब्याज सहित पूरा मूलधन चुका दिया, बावजूद इसके सूदखोरों की वसूली नहीं रुकी।
गाली-गलौच और दी धमकी
पीड़ित का कहना था कि, आरोपी दंपति ने कोरे चेक और कोरे स्टाम्प जबरन लिए, गाली-गलौच की, गाड़ी खींचने की धमकी दी और परिवार को गुंडों के जरिए डराया-धमकाया गया। हेमंत का जीवन आर्थिक और मानसिक संकट में फंस गया। बच्चों की स्कूल फीस तक नहीं भर पाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का सोशल मीडिया पोस्ट
जब हेमंत ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई तो, वहां से भी निराशा ही हाथ लगी। एसपी कार्यालय ने इसे 'लेन-देन का मामला' कहकर चलता कर दिया। लेकिन मामला तब तूल पकड़ गया जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, पत्रकारों और पीड़ित परिवार को धमकी दी जा रही है, जबकि पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
बलौदा बाजार। सूदखोर से परेशान एक परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। एसपी से शिकायत के बाद भी कोई हल नहीं निकला है। #chhattisgarh @BalodaBazarDist @DeepakSoni_1 #news pic.twitter.com/NmmzpLukkz
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 4, 2025
सूदखोरी करने वाले दो गिरफ्तार
इस पोस्ट के बाद प्रदेश स्तर पर हड़कंप मच गया और शनिवार को बलौदा बाजार पुलिस ने हेमलाल सिन्हा और पिंकी सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब इस सूदखोरी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। बता दें कि, सबसे पहले haribhoomi.com बलौदा बाजार संवाददाता ने इस पूरे मामले का खुलासा किया कि, किस तरह बलौदा बाजार में सूदखोरी चरम पर है।

