माघ पूर्णिमा पर कबीर धर्मनगर में संत समागम: सीएम साय हुए शामिल, 75 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा

सीएम विष्णु देव साय
कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सद्गुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पंथ उदित मुनि नाम साहेब एवं पंथ प्रकाश मुनि नाम साहेब को चादर व श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने संत समागम समारोह हेतु दी जाने वाली सहायता राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की। समारोह में पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने मुख्यमंत्री साय का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष माघ मेले के प्रथम दिन बसंत पंचमी के अवसर पर कबीर पंथ के नए संवाहक, 16वें वंशाचार्य पंथश्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक विधिवत संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि, इस वर्ष देश के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में कबीरपंथी संत एवं श्रद्धालु संत समागम में शामिल हुए हैं। कार्यक्रम को शासन-प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला।

कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर व्यापक प्रभाव है- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर वर्ष और अधिक भव्य होता जा रहा है, जो लोगों की बढ़ती आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि, कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर व्यापक प्रभाव है, यही कारण है कि प्रदेश के लोग शांतिप्रिय हैं और छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सीएम साय ने दिया नक्सलवाद पर बयान
मुख्यमंत्री ने बताया कि, वे बचपन से ही कबीर पंथ से परिचित हैं तथा उनके गांव बगिया में भी 8 से 10 कबीरपंथी परिवार निवासरत हैं। उन्होंने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर किए जाने के संबंध में कहा कि, राजपत्र में प्रकाशन की अंतिम प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ के विकास में बाधा बने नक्सलवाद को 31 मार्च 2026 तक पूरी तरह जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि, जनता से किए गए वादों को तेजी से पूरा किया जा रहा है और डबल इंजन की सरकार का लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ को विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
सीएम साय कबीर आश्रम के विकास कार्यों को लेकर रहते हैं चिंतित
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, पंथ उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक कार्यक्रम अद्भुत एवं अलौकिक रहा। उन्होंने कहा कि, पंथ उदित द्वारा वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। आज के दर्शन से प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कबीर आश्रम के विकास कार्यों को लेकर सदैव चिंतित रहते हैं और उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हैं।
