धान खरीदी केंद्र की अव्यवस्था पर किसान का फूटा गुस्सा: बिना सहमति रकबा समर्पण से नाराज होकर मंडी गेट पर लगाया जाम, देखिए VIDEO

अव्यवस्था से नाराज किसान ने लगाया जाम
कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बिना किसानों की सहमति के रकबा समर्पण किए जाने से धान बिक्री में भारी परेशानी हो रही है, जिससे किसानों में नाराजगी देखी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिले के पलारी तहसील अंतर्गत ग्राम ससहा का है। यहां एक किसान तेजराम वर्मा का रिकॉर्ड अनुसार 48 क्विंटल धान बिकना था, लेकिन बिना जानकारी दिए उसका रकबा समर्पित कर केवल 40 क्विंटल धान ही खरीदी के लिए मान्य किया गया। इससे नाराज किसान ने ट्रैक्टर लेकर मंडी गेट पर जाम कर दिया और धरने पर बैठ गया।
बलौदा बाजार जिले के ग्राम ससहा में बिना किसान की सहमति रकबा समर्पण किए जाने से आक्रोशित किसान ने मंडी गेट पर ट्रैक्टर खड़ा कर धरना दिया। @BalodaBazarDist #Chhattisgarh #Farmers #paddy #strike pic.twitter.com/BOL39TRmi1
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) January 28, 2026
जिम्मेदार अधिकारी नहीं दे पा रहे स्पष्ट जवाब
किसान का कहना है कि, जब रकबा के हिसाब से पूरा 48 क्विंटल धान बिक सकता था, तो 8 क्विंटल धान को रोकने और रकबा समर्पण करने का कारण क्या है? बिना किसान से पूछे यह प्रक्रिया क्यों अपनाई गई, इसका कोई स्पष्ट जवाब जिम्मेदार अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं।
बलौदाबाजार जिले के ग्राम ससहा में बिना किसान की सहमति रकबा समर्पण किए जाने से आक्रोशित किसान ने मंडी गेट पर ट्रैक्टर खड़ा कर धरना दिया। @BalodaBazarDist #Chhattisgarh #Paddy pic.twitter.com/XkmbewwQFU
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) January 28, 2026
पूरी खरीदी की मांग पर अड़ा हुआ है किसान
सूचना मिलने पर पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसान को समझाइश के लिए थाना ले जाया गया, लेकिन किसान का ट्रैक्टर अब भी मंडी के पास सड़क पर खड़ा है। अधिकारियों द्वारा बाद में धान बिकवाने की बात कही जा रही है, पर किसान तत्काल पूरी खरीदी की मांग पर अड़ा हुआ है।
