थैंक्यू एसपी मैडम: 460 नग गुम मोबाइल बरामद कर लौटाए गए, बलौदाबाजार पुलिस पर जनता का भरोसा हुआ और मजबूत

गुम मोबाइल फोन
X

गुम मोबाइल फोन वापस लौटाती हुई एसपी मैडम

बलौदा बाजार पुलिस ने लोगों के 460 नग गुम मोबाइल बरामद कर मंगलवार को लौटाए। अपने गुम फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस को धन्यवाद कहा।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदा बाजार पुलिस ने तकनीकी दक्षता और सतत प्रयासों का परिचय देते हुए एक बार फिर जनता का विश्वास जीता है। पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत 460 नग गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं। लौटाए गए इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

यह उल्लेखनीय कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के स्पष्ट निर्देशों पर की गई। अभियान में साइबर सेल और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही, जिन्होंने मोबाइल नंबर, आईएमईआई ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोनों का पता लगाया। लगातार प्रयासों और सटीक समन्वय के चलते पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।

एसपी ने स्वयं बांटे खोए हुए फोन
मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम सभागार, बलौदा बाजार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने स्वयं मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए फोन सौंपे। कार्यक्रम के दौरान माहौल भावनात्मक रहा। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

सभी ने पुलिस के प्रयासों को सराहा
मोबाइल प्राप्त करने वाले कई लोगों ने बताया कि मोबाइल खो जाने के बाद उन्होंने उसकी वापसी की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन बलौदा बाजार पुलिस की तत्परता और मेहनत से यह संभव हो सका। लोगों ने पुलिस की इस पहल की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान आम नागरिकों के लिए बेहद राहत देने वाला है।

हमें उम्मीद नहीं थी
मोबाइल धारकों ने कहा, “मोबाइल गुम होने के बाद हमें लगा था कि अब वह कभी वापस नहीं मिलेगा, लेकिन बलौदा बाजार पुलिस ने उसे ढूंढकर हमें सौंपा। इसके लिए हम पुलिस प्रशासन के आभारी हैं।” पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story