बालोद के भाजपाई मिले प्रदेश अध्यक्ष से: संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा, वी बी जी राम जी योजना पर जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश

बैठक लेते हुए अध्यक्ष किरण सिंह देव
राहुल भूतड़ा- बालोद। प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की अध्यक्षता में प्रदेश महामंत्री, संभाग प्रभारी और सह-प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि, पार्टी के सभी स्तरों पर संगठनात्मक संरचनाओं का गठन इस माह के अंत तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि, सशक्त संगठन ही पार्टी की शक्ति है और आगामी कार्यक्रमों की सफलता का आधार भी है।
अध्यक्ष सिंह देव ने जी राम जी जन जागरण अभियान को लेकर दिए निर्देश
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि, पार्टी के सभी मोर्चों का गठन जनवरी माह में ही पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सके। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जी राम जी जन जागरण अभियान को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि, इस अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
बैठक में रहे उपस्थित
इस बैठक में प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, नवीन मार्कंडेय, संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी अभिषेक शुक्ला, हरपाल भमरा, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और डॉ. राजीव सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप संगठनात्मक कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का संकल्प लिया।
