आरंग में ‘राजा मोरध्वज महोत्सव’: कुमार विश्वास की प्रस्तुति में CM साय होंगे शामिल, संयोजक मंत्री खुशवंत ने की उत्सव को सफल बनाने की अपील

Kumar Vishwas performance
X

मोरध्वज महोत्सव की तैयारी करते संयोजक मंत्री गुरु खुशवंत साहेब

आरंग में मंत्री खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में आयोजित दो दिवसीय राजा मोरध्वज महोत्सव आज से शुरू होगा, जिसमें डॉ. कुमार विश्वास प्रस्तुति देंगे जबकि समापन में सीएम साय सहित मंत्रिमंडल शामिल होगा।

डागेश यादव - आरंग। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी आरंग में आज से दो दिवसीय ‘राजा मोरध्वज आरंग महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में आयोजित यह उत्सव क्षेत्र की प्राचीन परंपराओं, धर्म, त्याग और ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

कैबिनेट मंत्रियों के हाथों शुभारंभ
महोत्सव का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा और गुरु खुशवंत साहेब द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठन मौजूद रहेंगे।

शोभायात्रा से होगी शुरुआत
15 जनवरी की सुबह चंडी मंदिर से बाबा बागेश्वरनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महोत्सव स्थल तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्य, सांस्कृतिक झांकियां और स्थानीय कलाकार शामिल होंगे।

पहले दिन सुनील सोनी की प्रस्तुति
महोत्सव के पहले दिन शाम को इतिहासकारों का व्याख्यान आयोजित होगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति से माहौल को संगीतमय करेंगे।

दूसरे दिन यज्ञ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कवि सम्मेलन
16 जनवरी को यज्ञ-हवन, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य धार्मिक आयोजन होंगे। शाम को प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी काव्य प्रस्तुति से समां बांधेंगे, जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा।

समापन समारोह में मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रिमंडल
समापन कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे वहीं दोनों उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश कैबिनेट के सभी सदस्य और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

विरासत को सहेजने का प्रयास: मंत्री खुशवंत साहेब
महोत्सव के संयोजक और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि, यह आयोजन आरंग की गौरवशाली धरोहर भांडदेवल जैन मंदिर, भंडारपुरी धाम और बाबा बागेश्वरनाथ को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का एक संकल्प है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से बड़े स्तर पर शामिल होकर इस ऐतिहासिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story