'आनंद वाहिनी' ने मनाया आंवला नवमी: लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में की विधि-विधान से पूजा, गूंजे भजन-कीर्तन

आंवला नवमी पर आनंदवाहनी का आयोजन
अनिल सामंत- जगदलपुर। भक्ति, सौंदर्य और श्रद्धा से सराबोर माहौल, आरती की घंटियों की गूंज और हर चेहरे पर आत्मिक संतोष की चमक। ऐसा दिव्य दृश्य था गुरुवार को जगदलपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर का, जहाँ पुरी पीठाधीश्वर श्रीमद्जगतगुरु शंकराचार्य के मातृ संगठन 'आनंद वाहिनी' द्वारा आंवला नवमी पर्व का पारंपरिक और भव्य आयोजन किया गया।
आंवला वृक्ष तले आरंभ हुई पूजा, भक्ति से झूम उठी मातृशक्ति सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी मंदिर पहुँचीं। आंवला वृक्ष के नीचे भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर मातृशक्तियों ने व्रत का शुभारंभ किया। भजन-कीर्तन से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। पूजन के उपरांत सभी ने आंवला वृक्ष के नीचे प्रसाद और भोजन ग्रहण कर अक्षय पुण्य की कामना की।
आनंद वाहिनी बस्तर की जिला अध्यक्ष गीता शुक्ला ने कहा- आंवला नवमी का यह पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि स्त्री शक्ति के संकल्प और प्रेम का प्रतीक है। आंवला का सेवन आज के दिन अमृत तुल्य माना गया है। जो स्त्री आंवला वृक्ष तले पूजा और भोजन करती है, उसे अक्षय पुण्य, वैवाहिक सुख और संतान की समृद्धि की प्राप्ति होती है।

उन्होंने बताया कि मातृ संगठन की महिलाएं हर वर्ष इस पर्व को सामूहिक रूप से मनाकर समाज में आस्था, एकता और संस्कारों का संदेश देती हैं। पूरे आयोजन में भक्ति और आनंद से सराबोर रहा वातावरण बना रहा। भजन मंडली ने जब जय लक्ष्मी माँ,जय विष्णु भगवान का गान शुरू किया,तो उपस्थित महिलाएं भावविभोर होकर झूम उठीं। पूरे मंदिर परिसर में दीप,धूप और भक्ति की सुगंध फैल गई। आंवला वृक्ष के नीचे सजी आरती थाली और पुष्प सजावट ने वातावरण को और भी पावन बना दिया।
आस्था का प्रतीक नारीशक्ति का संगम
- आंवला वृक्ष तले पूजा और भजन-कीर्तन का आयोजन
- वैवाहिक सुख, संतान की समृद्धि और दीर्घायु की कामना
- आनंद वाहिनी मातृ संगठन की सैकड़ों महिलाओं की सहभागिता आस्था, संस्कार और नारीशक्ति का संगम है यह पर्व
इन मातृशक्तियों की रही सहभागिता
इस पावन आयोजन में प्रमुख रूप से ममता राणा, शिखा घोष, अलका सेंगर, रेखा जायसवाल, पूजा ठाकुर, प्रीति गुप्ता, सुनीता कुशवाहा, प्रीति दास, रेखा, पूनम जायसवाल, मुनिया सिंह, मीना विश्वकर्मा, प्रमिला कपूर, नेहा, कल्पना शर्मा, मुनारी गुप्ता, रीता गुप्ता, सारिका, उर्मिला मिश्रा, गुड़िया मिश्रा समेत बड़ी संख्या में मातृशक्तियाँ शामिल रहीं।
