परीक्षा केंद्र पर अनुशासन के नाम पर मनमानी: TET परीक्षा के दौरान फुल बाजू के शर्ट पहनने पर परीक्षार्थियों के कपड़े काटे गए, देखिए VIDEO

परीक्षार्थियों के कपड़े काटते हुए
संतोष कश्यप- अंबिकापुर। परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन के नाम पर मनमानी की जा रही है। अंबिकापुर से सामने आए एक मामले ने शिक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता पर गहरी चोट की है, जहां TET परीक्षा में शामिल होने पहुंचे परीक्षार्थियों के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है। नियमों के पालन की आड़ में जिस तरह से अभ्यर्थियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, उसने प्रशासन और परीक्षा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला अंबिकापुर के होलीक्रॉस कॉलेज परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है, जहां परीक्षा में बैठने से पहले परीक्षार्थियों के फुल बाजू वाले शर्ट को कैंची से काटा गया। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई से परीक्षार्थी हतप्रभ रह गए और खुद को अपमानित महसूस करते रहे।
अंबिकापुर के होलीक्रॉस कॉलेज में TET परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के फुल बाजू के शर्ट पहनने पर परीक्षार्थियों के कपड़े काटे गए।@SurgujaDist #Chhattisgarh #TETexam pic.twitter.com/kJCiLfWwqu
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 2, 2026
परीक्षार्थियों ने बनाया वीडियो
आरोप है कि, परीक्षा प्रबंधन ने नियमों की जानकारी पहले से स्पष्ट करने के बजाय मौके पर ही सख्ती दिखाई। जिससे कई अभ्यर्थियों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम को परीक्षार्थियों ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो वायरल होने के बाद परीक्षा प्रबंधन की जमकर किरकिरी हो रही है, वहीं अभ्यर्थी इस व्यवहार को अमानवीय और गरिमा के खिलाफ बता रहे हैं।
