बिलासपुर से बस के जरिए लाई जा रही थी मिलावटी सामग्री: अंबिकापुर के बाजारों में खपाने की थी तैयारी, नकली पनीर, खोया और मिलावटी दही जब्त

जब्त की गई खाद्य सामग्री
संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। शहर में नकली पनीर, नकली खोया और मिलावटी दही की सप्लाई का भंडाफोड़ हुआ है। बिलासपुर से बस के जरिए लाई जा रही बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री को बस स्टैंड पर पकड़ा गया, जिसे अंबिकापुर के बाजारों में खपाने की तैयारी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर और रायपुर से रोज़ाना बसों के माध्यम से मिलावटी खोया, पनीर और दही अंबिकापुर भेजा जा रहा था। यह सामग्री स्थानीय बाजारों में खपत के लिए उतारी जाती है। जिससे आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा बन रहा था। फूड एवं सेफ्टी विभाग की कार्य प्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
अंबिकापुर में बिलासपुर से बस के जरिए लाई जा रही नकली पनीर, नकली खोया और मिलावटी दही बस स्टैंड पर पकड़ी गई। सूचना के बावजूद फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम नहीं पहुंची। @SurgujaDist @BilaspurDist #busstand #fssai pic.twitter.com/agRlLeIIr1
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 1, 2026
सूचना के बावजूद नहीं पहुंची फूड एंड सेफ्टी टीम
हैरानी की बात यह रही कि, सूचना मिलने के बावजूद फूड एवं सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। स्थिति को देखते हुए बिलासपुर से आए संदिग्ध खोया, पनीर और दही को बस स्टैंड पुलिस चौकी में सुरक्षित रखवाया गया है। आगे की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि, यह सामग्री किस हद तक मिलावटी है और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
